धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 11 अगस्त। पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासकीय महाविद्यालय मगरलोड में एक पेड़ माँ नाम से वृक्षारोपण किया गया। जिसमें क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने अपने हाथों से विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे और उनके संरक्षण का संकल्प लिया ।
यशवन्त राव मेघावाले शासकीय महाविद्यालय मगरलोड में एक पेड़ माँ नाम कार्यक्रम का शुभारंभ पौधा लगाकर करते हुए मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष वीरेंद्र साहू ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है। महाविद्यालय जनभागीदारी समिति अध्यक्ष राजेश साहू ने विद्यार्थियों से कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करना आवश्यक है।
भाजपा मंडल प्रभारी होरीलाल साहू ने सभी लोगों से अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता दिखाने का आह्वान किया। इस अवसर पर घनश्याम देवांगन, खूबचंद साहू, जानेन्द्र देवांगन, टीआर सिन्हा सहित प्राध्यापकगण, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। अंत में सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।