धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 8 अगस्त। ओबीसी संयोजन समिति द्वारा 7 अगस्त को धमतरी में ओबीसी सामाजिक न्याय दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें मंडल आयोग की ऐतिहासिक भूमिका, ओबीसी समाज के संवैधानिक अधिकारों एवं न्याय के विषय पर विचार-विमर्श किया गया। ओबीसी संयोजन समिति के संस्थापक अधिवक्ता शत्रुहन साहू ने कहा कि मंडल आयोग की अनुशंसाओं का क्रियान्वयन केवल आरक्षण तक सीमित नहीं था, बल्कि इसने पिछड़े वर्गों के युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और प्रतिनिधित्व के नए अवसर खोले। सामाजिक न्याय की इस ऐतिहासिक यात्रा में पूर्व प्रधानमंत्री वीपी. सिंह का योगदान सदैव स्मरण किया जाएगा।
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष टिकेश्वर साहू ने कहा कि ओबीसी समाज को अपने इतिहास और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ऐसे आयोजन निरंतर किए जाएंगे। समाज की एकजुटता ही सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करेगी।
आचार्य नारायण प्रसाद कौशिक ने बताया कि सामाजिक उत्थान के लिए शिक्षा, समानता, सद्भाव और न्याय आवश्यक हैं। आध्यात्मिक चेतना के साथ सामाजिक जागरूकता से ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव है।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने 10 सितंबर को ग्राम मड़ेली में ओबीसी दिवस मनाने का निर्णय लिया। इस अवसर पर समारु सिन्हा, दाऊलाल, संजू चक्रधारी, केजलाल साहू, नेकराम, बल्दुराम, घनाराम साहू, सनत निर्मलकर, सांवत राम धनऊ यादव, प्रदीप विश्वकर्मा, ताम्रध्वज साहू, मनहरण लाल, बुधारू साहू सहित सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।