धमतरी

एबीसी: सैकड़ों स्ट्रीट डॉग का नसबंदी ऑपरेशन
06-Aug-2026 8:04 PM
एबीसी: सैकड़ों स्ट्रीट डॉग का नसबंदी ऑपरेशन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 6 अगस्त। उच्चतम न्यायालय के निर्देशों तथा भारत सरकार के एनिमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ इंडिया के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवारा श्वानों की आबादी के वैज्ञानिक एवं मानवीय नियंत्रण के उद्देश्य से नगर निगम धमतरी, नगर पालिका कुरूद, नगर पंचायत नगरी एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है।

हरियाणा की स्नेह एनिमल वेलफ़ेयर सोसायटी के माध्यम से धमतरी जिला की तीन निकायों में 22 अप्रैल  अभियान प्रारंभ किया गया है। जिसके तहत प्रशिक्षित पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार श्वानों का स्वास्थ्य परीक्षण, नसबंदी, आवश्यक टीकाकरण तथा ऑपरेशन उपरांत देखभाल सुनिश्चित की जा रही है, जिससे श्वानों के प्रति मानवीय व्यवहार बनाए रखते हुए उनकी अनियंत्रित संख्या पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

नगर निगम से प्राप्त जानकारी के अनुसार 31 जुलाई तक की कुल 947 आवारा श्वानों का सफलतापूर्वक नसबंदी ऑपरेशन किया गया है। इनमें 573 नर तथा 374 मादा श्वान शामिल हैं। इसी तरह नगर पालिका कुरूद में 29 और नगरी के 26 स्ट्रीट डॉग का उपचार किया गया है।

जिला प्रशासन ने कहा है कि एबीसी कार्यक्रम से न केवल आवारा श्वानों की संख्या को वैज्ञानिक एवं मानवीय तरीके से नियंत्रित करने में मदद मिलेगी, बल्कि रेबीज़ जैसी बीमारियों की रोकथाम, नागरिकों की सुरक्षा तथा मानव-पशु सहअस्तित्व को भी बढ़ावा मिलेगा। अभियान को आगामी समय में भी चरणबद्ध एवं सतत रूप से जारी रखा जाएगा।

कुरूद सीएमओ महेन्द्र गुप्ता ने बताया कि एबीसी कार्यक्रम के अलावा भी स्थानीय स्तर पर पशु चिकित्सा विभाग के माध्यम से अब तक सैकड़ों आवारा कुत्तों का वैक्सीनेशन एवं डी वार्मिंग कराया गया है। नागरिकों को रैबिट के खतरे से बचाने हर तरह के प्रयास किया जा रहा है।

 


अन्य पोस्ट