धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 5 अगस्त। सिविल अस्पताल कुरुद की व्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों द्वारा सवाल उठाए जा रहे हैं। हाल ही में अस्पताल के डस्टबिन में शराब की खाली बोतलें, डिस्पोजल ग्लास और पानी के पाउच मिलने का एक वीडियो फैला है।
अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे कुछ लोगों के अनुसार, अस्पताल परिसर के डस्टबिन में शराब की बोतलें, डिस्पोजल गिलास और पानी पाउच डस्पोजेबल मिली। एक स्थानीय नागरिक ने बताया कि बुधवार दोपहर 1.01 बजे जब वे पर्ची बनवाने काउंटर पर पहुंचे, तो समय समाप्त होने की बात कहकर पर्ची बनाने से इंकार कर दिया गया।
23 जुलाई की रात को एक मरीज के परिजनों का आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक अस्पताल में उपस्थित नहीं थे और फोन के माध्यम से निर्देश दे रहे थे। परिजनों ने इस संबंध में एसडीएम और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी।
इसके पूर्व रात को एक युवक महिला वार्ड में चाकू लेकर एक महिला मरीज से अश्लील हरकत करने लगा, जिसको लेकर मरीजों ने हंगामा कर दिया। सुरक्षा गार्ड के प्रयास के बावजूद आरोपी परिसर की दीवार फांदकर भाग गया।
अस्पताल में एक स्टाफ नर्स द्वारा कथित रूप से महिला चिकित्सक के फर्जी हस्ताक्षर कर मरीज को रेफर करने की शिकायत मिली थी, जिसके बाद संबंधित नर्स को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था।
अस्पताल जनभागीदारी समिति के पूर्व सदस्य तुकेश साहू ने कहा कि डस्टबिन में शराब की खाली बोतलें मिलना अस्पताल की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि रात्रि ड्यूटी के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों की अनुपस्थिति से मरीजों को कठिनाई होती है।
मामले में बीएमओ डॉ. एच.आर. देवांगन ने बताया कि वे बैठक से लौटने के बाद पूरे मामले की जांच कराएंगे।
वहीं, बीपीएम रोहित पाण्डेय ने जानकारी दी कि सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से इस प्रकार का कृत्य करने वाले व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। सुरक्षा गार्डों को परिसर की निगरानी कड़ाई से करने के निर्देश दिए गए हैं और पहचान होने पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।