धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 5 अगस्त। धमतरी जिले के विभिन्न विकासखंडों में जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं विधवा, परित्यक्ता एवं तलाकशुदा महिलाओं को सतत आजीविका से जोडऩे के उद्देश्य से प्रेरक मितान फाउंडेशन द्वारा संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें समाज की एकल महिलाएँ अपने सुखद भविष्य के सपने बुन रही हैं।
कुरुद विकासखंड के ग्राम पंचायत चरमुडिया एवं अटंग में आयोजित संवाद में संस्था की टीम ने एकल महिलाओं से मुलाकात कर जलवायु परिवर्तन के प्रभावों, पर्यावरण संरक्षण और आजीविका के नए अवसरों पर चर्चा की।मगरलोड विकासखंड के ग्राम अरौद, कुण्डेल एवं भोथीडीही में महिला समूह से संवाद स्थापित कर उन्हें केन्द्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जीवन में उजियारा लाने की आशा जगाने का काम किया गया।
इसी तरह नगरी विकासखंड के छिपली एवं ठेनहीं, धमतरी के मार्दापोटी एवं सियादेही में इस तरह के कार्यक्रम से महिलाओं को जल संरक्षण, वृक्षारोपण, जैविक खेती एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ-साथ सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा उन्हें महिला अधिकारों, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के विषय में भी जानकारी दी गई।
बैठक में शामिल महिलाओं ने जलवायु अनुकूल आजीविका गतिविधियों से जुडऩे में रुचि दिखाई और सामुदायिक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
संस्था ने बताया कि आने वाले समय में भी जिले के अन्य गांवों में इस प्रकार के जागरूकता एवं क्षमता विकास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि एकल महिलाओं को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।