धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 1 अगस्त। नारी-खट्टी मार्ग पर 22 जुलाई को महानदी पुल के ऊपर दिन दहाड़े हुई नीरज साहू की हत्याकांड का पर्दाफाश करने में पुलिस ने सफलता पाई है। धमतरी पुलिस ने बकायदा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोपी की गिरफ्तारी और पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया है। पीडीएस के चावल की खरीद बिक्री ही हत्या की वजह बनी थी। पुलिस ने आरोपी बिरेंद्र साहू निवासी सांकरा को गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया है।
ज्ञात हो कि नारी महानदी पुल के ऊपर मुख्य मार्ग पर 22 जुलाई को नीरज साहू का शव खून से लथपथ अवस्था में मिला था। मृतक के गले एवं माथे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे। घटनास्थल पर उसका पिकअप वाहन क्रमांक सीजी-06-जीटी 7675 भी खड़ा मिला था। पुलिस ने शव पंचनामा, घटनास्थल निरीक्षण, गवाहों एवं परिजनों के कथनों तथा उपलब्ध साक्ष्यों की बारीकी से जांच की गई। जिसमें धारदार वस्तु से नीरज पिता खुमान साहू उम्र 27 वर्ष निवासी कुण्डेल थाना मगरलोड की हत्या किए जाने की पुष्टि होने पर थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 221/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी भावना पांडेय द्वारा कुरूद मगरलोड थाना एवं साइबर टीम की अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। पुलिस टीमों ने लगातार तकनीकी साक्ष्य विश्लेषण एवं सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। साथ ही वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, संदिग्ध गतिविधियों, घटनाक्रम एवं उपलब्ध सुरागों का सूक्ष्म विश्लेषण के बाद टीम संदेही बिरेंद्र साहू तक पहुंची। पूछताछ करने पर उसने मृतक नीरज साहू की हत्या करना स्वीकार किया।
आरोपी ने बताया कि हम दोनों पीडीएस चावल का व्यवसाय करते थे। मृतक का व्यवसाय अच्छा चलने एवं उसकी कमाई अधिक होने के कारण आरोपी उसके प्रति अंदर ही अंदर रंजिश रखता था।
इसी द्वेष के चलते आरोपी ने मौका पाकर कैंची एवं पाना से हमला कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कैंची एवं पाना बरामद कर लिया गया है। आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।