धमतरी

ग्रामीण सडक़ों का बुरा हाल, सिंधौरी-मंदरौद मार्ग में गड्ढों का अंबार
29-Jul-2026 2:01 PM
ग्रामीण सडक़ों का बुरा हाल, सिंधौरी-मंदरौद मार्ग में गड्ढों का अंबार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 कुरुद, 29 जुलाई। भारी वाहनों की आवाजाही के चलते क्षेत्र में सडक़ों की स्थिति बदहाल हो गई है। जिससे बारिश के मौसम में लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है।

सर्वाधिक दिक्कत स्कूली बच्चों को हो रही है, उन्हें रोज बड़े-बड़े गड्ढे और कीचड़ पार कर स्कूल जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस ओर ध्यान देने की मांग उठाई है।  कुरुद विधानसभा अंतर्गत ग्राम पंचायत सिंधौरी से मंदरौद तक की 4.85 किमी.सडक़ अत्यंत जर्जर हो चुकी है। इस मार्ग पर विद्यार्थियों तथा आम जनता का चलना दूभर हो गया है। सैकड़ों गड्ढों ने पोखर का रूप ले लिया है।आए-दिन विद्यार्थियों तथा राहगीरों का गिरना आम बात हो गई है।

सरपंच दुलार साहू, ग्राम प्रमुख श्रीकांत मिश्रा, रिटायर्ड शिक्षक जगजीवन मिश्रा सहित अन्य ग्रामवासियों ने बताया कि विशाखापत्तनम मार्ग बनने के समय से ही इस मार्ग की स्थिति बदतर हो चुकी है। ओवरलोड रेत हाइवा वाहनों की आवाजाही धड़ल्ले से हो रही है। इस सडक़ की मरम्मत हेतु कई बार जिम्मेदार लोगों का ध्यानाकर्षण कराया गया। किन्तु आज तक किसी ने भी सुध नहीं ली। जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।

 ज्ञात हो कि क्षेत्र में विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच जनपद की समान्य सभा में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने भी ग्रामीण सडक़ों की दुर्दशा पर सवाल उठा समस्या सुलझाने की मांग उठाई थी। लेकिन जिम्मेदार विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की है।


अन्य पोस्ट