धमतरी
कुरुद, 29 जुलाई। बैंक के रिक्त पदों पर भर्ती की अनुमति, समिति स्तर के कर्मचारियों का उसी विकासखंड के अंतर्गत स्थानांतरण, उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी के दौरान आने वाली व्यवहारिक समस्या एवं बैंक के कालातीत ऋणों की वसूली हेतु एकमुश्त समझौता योजना लागू करने आदि मांगों को लेकर सहकारी बैंक अध्यक्षों ने सहकारिता मंत्री केदार कश्यप से मुलाकात कर अपनी बात कही।
रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में 28 जुलाई को मंत्री केदार कश्यप से भेंटकर प्रदेश के सहकारी बैंक अध्यक्षों ने भारत सरकार की सोच सहकार से समृद्धि अंतर्गत पैक्स समितियों के माध्यम से उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं एवं योजनाओं, सहकारी आन्दोलन की प्रगति एवं प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों के मजबूती पर विस्तृत चर्चा करते हुए अपनी बात कही। उन्होंने पैक्स समिति, दुग्ध, मत्स्य, बुनकर व अन्य सहकारी समितियों के कार्य-व्यवसाय की जानकारी दी।
प्रदेश के बैंक अध्यक्षों ने सहकारी समितियों एवं बैंकों के कार्य संचालन जैसे लंबित मुद्दों पर सहकारिता मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराते हुए बैंक के रिक्त पदों पर भर्ती की अनुमति, समिति स्तर के कर्मचारियों का उसी विकासखंड के अंतर्गत स्थानांतरण, धान खरीदी में आने वाली व्यवहारिक समस्या एवं कालातीत ऋणों की वसूली हेतु एकमुश्त समझौता योजना लागू करने, अनुकम्पा नियुक्ति हेतु पदों का बंधन शिथिल करने, कर्मचारियों के भत्ता आदि मांगो पर विचार करने का निवेदन किया। जिस पर मंत्री ने उक्त मुद्दों पर सार्थक पहल कर निराकरण कराये जाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर अपेक्स बैंक अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता, रायपुर अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, दुर्ग प्रीतपाल बेलचंदन, राजनांदगांव सचिन बघेल, जगदलपुर दिनेश कश्यप, बिलासपुर रजनीश सिंह, सहकारिता सचिव आर. प्रसन्ना, पंजीयक रमेश शर्मा, महाप्रबंधक युगल किशोर वर्मा उपस्थित थे।