धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 28 जुलाई। समरसता संकल्प अभियान एवं घर-घर तिरंगा यात्रा के तहत जिला भाजपा धमतरी द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती अवसर पर जिला स्तरीय संयुक्त कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसका प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने गुरु महाराज के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा पहली राजनीतिक पार्टी है जिसने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की जयंती को पूरे सम्मान और जनभागीदारी के साथ समाज के बीच मनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने संत रविदास के प्रसिद्ध वचन ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ का उल्लेख करते हुए कहा कि सच्ची भक्ति बाहरी आडंबर में नहीं, बल्कि निर्मल मन और श्रेष्ठ आचरण में निहित है। भक्ति मार्ग समाज को जोडऩे, संस्कार देने और राष्ट्र निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता केवल चुनाव लडऩे वाला व्यक्ति नहीं होता, बल्कि वह भारत भक्ति, समाज भक्ति और राष्ट्र सेवा का वाहक होता है। संगठन का उद्देश्य केवल विकास नहीं, बल्कि ‘विकास के साथ विरासत’ को भी सुरक्षित और सशक्त बनाना है।
विधायक इंद्रकुमार साहू, अनुज शर्मा, जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस आदि वक्ताओं ने गुरु महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा के बारे में बताया कि प्रत्येक मंडल एवं बूथ स्तर पर समरसता संकल्प अभियान, संत रविदास जी के जीवन दर्शन पर गोष्ठियां, सामाजिक संवाद, तिरंगा यात्रा तथा जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से संत रविदास जी के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा तथा सामाजिक समरसता को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।
इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू, जिला प्रभारी डॉ. किरण बघेल, महापौर रामू रोहरा, पूर्व विधायक इंदर चोपड़ा, पिंकी शाह, श्रवण मरकाम, सहकारी बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, राजेश शर्मा, शशि पवार, अरुण सार्वा, शिवप्रताप ठाकुर, रविकांत चन्द्राकर, तिलोक जैन, कृष्णकांत साहू, थानेश्वर तारक सहित जिले के जनप्रतिनिधि एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद थे।