धमतरी

वीबीजी रामजी योजना से धमतरी की स्कूलों में होगा अधोसंरचना विकास का विस्तार
28-Jul-2026 2:15 PM
वीबीजी रामजी योजना से धमतरी की स्कूलों  में होगा अधोसंरचना विकास का विस्तार

200 बालिका शौचालय, किचन शेड, मल्टी स्पोर्ट्स निर्माण से सुदृढ़ होगी शैक्षणिक व्यवस्था

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 28 जुलाई। वीबीजी रामजी योजना के तहत शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने करीब 200 बालिका शौचालयों, किचन शेड, मल्टी स्पोर्ट्स सुविधाओं का विकास तथा अन्य आवश्यक निर्माण कराया जाएगा। जिससे विद्यार्थियों, विशेषकर बालिकाओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध होगा।

          धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि शिक्षा केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं होती, बल्कि गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना, स्वच्छ परिसर, सुरक्षित वातावरण और खेल सुविधाएं भी विद्यार्थियों के समग्र विकास में समान रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

 उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक विद्यालय में ऐसी आधारभूत सुविधाएं विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने बताया कि बालिका शौचालयों के निर्माण से छात्राओं की गरिमा, सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं की बेहतर पूर्ति होगी, किचन शेड के निर्माण से मध्यान्ह भोजन योजना का संचालन स्वच्छ वातावरण में किया जा सकेगा। इसी प्रकार मल्टी स्पोर्ट्स सुविधाओं के विकास से विद्यार्थियों में खेल भावना, शारीरिक दक्षता और टीम भावना का विकास होगा। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत केवल भवन निर्माण ही नहीं, बल्कि विद्यालय परिसरों को अधिक उपयोगी, आकर्षक एवं छात्र-अनुकूल बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार परिसर विकास, मरम्मत, पेयजल एवं स्वच्छता संबंधी सुविधाओं के उन्नयन जैसे कार्य भी शामिल किए जाएंगे।


अन्य पोस्ट