धमतरी
मगरलोड तहसील में सर्वाधिक बारिश, नगरी पिछड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 27 जुलाई। धमतरी जिले में 1 जून से अब तक कुल 427.4 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जो पिछले 10 वर्षों की इसी अवधि की तुलना में 85.5 प्रतिशत है। तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार धमतरी तहसील में 31.9 मिमी, कुरूद 11.9, मगरलोड 11.3, भखारा 37.4, नगरी 5.9, कुकरेल 28.0 तथा बेलरगांव में 7.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 जुलाई तक कुरूद तहसील में 409.1 मिमी,भखारा में 454.5, मगरलोड में 471.7, धमतरी में 459.7, कुकरेल में 483.0, बेलरगांव में 389.6 तथा नगरी तहसील में 324.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। पिछले 10 वर्षों की औसत वर्षा की तुलना में मगरलोड तहसील में 99.4 प्रतिशत वर्षा के साथ सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई है। इसके अलावा कुकरेल में 93.0 प्रतिशत, भखारा में 90.3 प्रतिशत, धमतरी में 86.4 प्रतिशत, कुरूद में 84.7 प्रतिशत, बेलरगांव में 80.6 प्रतिशत तथा नगरी में 64.3 प्रतिशत वर्षा दर्ज की गई है।
पिछले पखवाड़े से शुरू हुई वर्षा ने मौसम विज्ञान द्वारा इस बार कम बारिश की जताई जा रही आशंका को एक बार फिर गलत साबित किया है।
अकाल पडऩे की बातों से डरे किसान अब निश्चिंत होकर खेतों में रोपाई और बियासी की तैयारी कर रहे हैं। मेड पर ली जाने वाली दलहन, तिलहन फसल की बोवाई का काम भी लगभग पूरा कर लिया गया है। जिला प्रशासन ने किसानों से मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्य वैज्ञानिक सलाह के अनुरूप करने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।