धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 23 जुलाई। नगर को हरा-भरा रखने के उद्देश्य से नगरपालिका परिषद कुरूद द्वारा हरियाली सप्ताह उत्सव का आयोजन किया गया। जिसके तहत नगर के विभिन्न स्थानों पर 1100 से अधिक पौधों का रोपण किया गया। जिसमें विधायक अजय चन्द्राकर, नपा अध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर सहित निर्वाचित जनप्रतिनिधियो ंएवं गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया।
ज्ञात हो कि ग्रीन एवं क्लीन कुरूद के सपनों को साकार करने 16 जुलाई रथयात्रा के दिन पौधरोपण साप्ताहिक उत्सव प्रारंभ किया गया था। जिसके तहत हर रोज अलग-अलग वार्डों में विभिन्न प्रजाति के सैकड़ों पौधे रोपे गए। विधायक प्रतिनिधि भानु चन्द्राकर ने बताया कि इस सप्ताहिक आयोजन के तहत नगर के विभिन्न जगहों मे 1100 से भी अधिक पौधे रोपे गए हैं। इस नेक काम में विधायक अजय चन्द्राकर, नपा अध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर सहित निर्वाचित जनप्रतिनिधो एवं गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया।
चौथे दिन के पौधारोपण में शामिल हुए पूर्व मंत्री अजय चन्द्राकर ने कहा- पौधरोपण उनका प्रिय विषय रहा है, मैंने अपने प्रथम विधायकी काल से ही अपने निर्वाचन क्षेत्र में जगह-जगह वृक्षारोपण कराया जो आज बड़े पेड़ बन हरियाली बढ़ाने और तापमान को कम रखने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
समापन दिवस पर नपा अध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर ने इस पहल को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सही कदम बताते हुए सहयोगी पार्षदों, भाजपा कार्यकर्ताओं, संघ-संगठन के पदाधिकारियों, गणमान्य नागरिकों सहित नगर पालिका एवं वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। इसी तरह भखारा क्षेत्र के ग्राम पंचायत गातापार में सहकारिता विभाग द्वारा आयोजित एक पेड़ मां के नाम, पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ कार्यक्रम में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक रायपुर अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, कुरूद जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू के आतिथ्य में सघन वृक्षारोपण किया गया।
दोनों अतिथियों ने किसानों एवं ग्रामीणों को पौधरोपण और उसके संरक्षण का पाठ पढ़ाते हुए भावी पीढिय़ों के लिए पर्यावरण की सेहत सुधारने की जरूरत बताई। इस मौके पर किसान बंधु, समिति प्रबंधक एवं कर्मचारी उपस्थित थे।