धमतरी

सहकार से समृद्धि लाकर होगी किसानों की आर्थिक प्रगति-मंत्री टंकराम
22-Jul-2026 5:53 PM
सहकार से समृद्धि लाकर होगी किसानों की आर्थिक प्रगति-मंत्री टंकराम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 22 जुलाई। सहकार से समृद्धि के विजन को आगे बढ़ाने के अभियान में जुटे जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक रायपुर अध्यक्ष निरंजन सिन्हा अपने प्रभार क्षेत्र का लगातार दौरा कर रहे हैं। इसी के तहत उन्होंने कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा एवं अन्य पार्टी नेताओं के साथ बलौदाबाजार में सहकारी समितियों के माध्यम से ड्रोन आधारित कृषि सेवाओं का शुभारंभ किया।

मंगलवार को कृषि उपज मंडी बलौदाबाजार में आयोजित किसान सम्मेलन में सहकारी समितियों के माध्यम से ड्रोन आधारित कृषि सेवाओं के शुभारंभ कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा के साथ बैक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने ड्रोन द्वारा उर्वरक एवं कीटनाशक दवा छिडक़ाव का प्रत्यक्ष प्रदर्शन देखा।

इस मौके पर मंत्री वर्मा ने बताया कि  प्रधानमंत्र नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन को देशभर में लागू करने वाले केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का किसान आधुनिक तकनीक से जुडक़र आत्मनिर्भर और सशक्त बनने की ओर अग्रसर है। इस काम में सहकारी बैंक की भूमिका भी सराहनीय है।

अध्यक्ष श्री सिन्हा इस दिशा में पूरी ऊर्जा के साथ काम कर रहे हैं। मंत्री ने बताया कि यह केवल एक तकनीक का शुभारंभ नहीं, बल्कि खेती को अधिक स्मार्ट, वैज्ञानिक और लाभकारी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ड्रोन तकनीक से कम समय में सटीक छिडक़ाव, लागत में कमी, श्रम की बचत और बेहतर फसल प्रबंधन संभव होगा, जिससे हमारे अन्नदाता अधिक समृद्ध बनेंगे।

बैंक अध्यक्ष श्री सिन्हा ने कहा कि सहकारिता केवल व्यवस्था नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत की आर्थिक शक्ति है। सहकारिता की भावना ही सामूहिक विकास की सबसे बड़ी शक्ति है और यही विकसित भारत के निर्माण की मजबूत आधारशिला भी है। हमें विश्वास है कि सामूहिक प्रयासों से सहकार से समृद्धि का संकल्प हर किसान, हर परिवार तक पहुंचेगा।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा, जिपं उपाध्यक्ष पवन साहू, सुनीता वर्मा, नीलम सोनी, रामखिलावन वर्मा, जितेंद्र मटाके, नंदकुमार, सुरेंद्र वर्मा, जिपं सदस्य ईशान वैष्णव, कलेक्टर  कुलदीप शर्मा सहित प्राधिकृत अधिकारी, शाखा प्रबंधक,  पार्टी कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं किसान उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट