धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 18 जुलाई। समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुदानित सार्थक स्कूल धमतरी के विशेष खिलाड़ी सत्यांशु दीप ने स्पेशल ओलंपिक्स गोथिया कप-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व कर मेडल जीताकर जिले, प्रदेश और देश का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान बढ़ाया है।
ज्ञात हो कि स्वीडन के गोथेनबर्ग में आयोजित गोथिया कप 2026 के स्पेशल ओलंपिक्स ट्रॉफी वर्ग में भारत की स्पेशल ओलंपिक फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीत लिया है। तीसरे स्थान के रोमांचक मुकाबले में भारतीय टीम ने फिनलैंड को 2-1 से हराया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सत्यांशु दीप को बधाई देते हुए कहा कि किसी विशेष खिलाड़ी का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना पूरे जिले के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।
उन्होंने कहा कि सत्यांशु ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन, कठिन परिश्रम और अदम्य इच्छाशक्ति के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता यह सिद्ध करती है कि दृढ़ संकल्प, सतत अभ्यास और उचित मार्गदर्शन मिलने पर विशेष बच्चे भी वैश्विक मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सत्यांशु भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर धमतरी, छत्तीसगढ़ और भारत का गौरव बढ़ाते रहेंगे।
धमतरी कलेक्टर ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर सत्यांशु, उनके माता-पिता एवं परिवारजनों, प्रशिक्षकों, सार्थक स्कूल, भारतीय स्पेशल ओलंपिक्स फुटबॉल टीम को शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए कहा कि सत्यांशु की सफलता जिले के अन्य खिलाडिय़ों, विशेषकर दिव्यांग बच्चों एवं युवाओं के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत बनेगी तथा उन्हें अपने सपनों को साकार करने का आत्मविश्वास प्रदान करेगी।।
उल्लेखनीय है कि सत्यांशु इससे पूर्व राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप, रोहतक में 23 राज्यों के 500 से अधिक खिलाडिय़ों के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए लॉन्ग जंप में स्वर्ण पदक तथा 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक प्राप्त कर चुके हैं। उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के आधार पर भारतीय स्पेशल ओलंपिक्स फुटबॉल टीम में उनका चयन हुआ था।