धमतरी

सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष ने सोसायटी, बुनकर केन्द्र का किया निरीक्षण
18-Jul-2026 3:53 PM
सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष ने सोसायटी, बुनकर केन्द्र का किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 18 जुलाई। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर संभाग के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने अपने गृह क्षेत्र के ग्राम नारी, कोकड़ी सहकारी समितियों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को सहकारिता के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचने का ब्लूप्रिंट समझाया। उन्होंने किसानों और बुनकरों से कहा कि सहकारी समितियां शासकीय योजनाओं के लागू करने वाली एजेंसी भर नहीं, बल्कि किसानों की समृद्धि और ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं।

गौरतलब है कि पार्टी और सरकार ने जब से वरिष्ठ भाजपा नेता निरंजन सिन्हा को नई जिम्मेदारी सौंपी है तब से उनकी सक्रियता बढ़ गई है, खासतौर पर कुरुद विधानसभा में। नगर और ग्रामीण क्षेत्र में होने वाले सुख दु:ख के निजी एवं पार्टीगत कार्यक्रमों में उनकी उपस्थिति से नये राजनीतिक समीकरण का उभार होने लगा हैं। 16 जुलाई को कुरूद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत नारी स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा नारी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बैंक अधिकारियों कर्मचारियों, व्यवस्थापक, एवं प्राधिकृत अधिकारियों की बैठक लेकर अध्यक्ष श्री सिन्हा ने कहा कि कृषि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है अत: पारम्परिक खेती के अलावा लघु एवं सीमांत किसानों को पशुपालन, मत्स्य पालन, बकरी पालन जैसे व्यवसाय से जोड़ उनकी आय में इजाफा कर सकते हैं। इसके बाद उन्होंने कोकड़ी की प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति एवं महिला समूह द्वारा संचालित बुनकर केन्द्र का निरीक्षण किया।

उन्होंने साड़ी बुनने वाली महिलाओं से चर्चा करते हुए पारंपरिक कौशल को प्रोत्साहित करने तथा सहकारिता के माध्यम से आय बढ़ाने के प्रयासों पर जोर दिया। श्री सिन्हा ने बताया कि सहकारिता आंदोलन किसानों और बुनकरों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने समिति स्टाफ से कहा कि किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीक, पशुपालन और गोपालन की जानकारी देकर उन्हें नई कृषि पद्धतियों से जोड़ें। किसानों को प्रेरित करें कि वे सहकारिता की योजनाओं का पूरा लाभ उठाकर अपनी आय बढ़ा आत्मनिर्भर बनें।

समिति एवं पंचायत पदाधिकारी दिलीप चक्रधारी, नरेंद्र ध्रुवंशी, कमलेश साहू, योगेश्वर साहू, उत्तम शर्मा, देवलाल साहू, नरेश, महेंद्र, नरेश, गोपेश्वर साहू, रिखीराम, कौशल साहू से बातचीत करते हुए कहा कि सहकारी समितियां किसानों की सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि उन्हें समय पर खाद, ऋण, मार्गदर्शन और योजनाओं का लाभ मिले तो गांव की अर्थव्यवस्था मजबूत और किसान खुशहाल बनेंगे। सामूहिक प्रयासों से ही सहकार से समृद्धि का संकल्प हर किसान, हर गांव और हर परिवार तक पहुंचेगा।


अन्य पोस्ट