धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 15 जुलाई। नगर पालिका परिषद कुरूद के नेता प्रतिपक्ष डुमेश साहू के नेतृत्व में कांग्रेसी पार्षदों ने नपा अध्यक्ष को ज्ञापन सौंप सीएमओ की शिकायत की। उन्होंने परिषद को विश्वास में लिए बगैर भूमि आबंटन एवं अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने पर आपत्ति दर्ज कराते हुए नगर पालिका अधिनियम के तहत 7 दिवस के भीतर विशेष सम्मेलन बुलाने की मांग की है।
नपा अध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर को सौंपे गए ज्ञापन में विपक्षी पार्षदों ने कहा गया है कि नगर की भूमि, सार्वजनिक संपत्ति एवं महत्वपूर्ण निर्णय परिषद की जानकारी और सहमति से लिए जाने चाहिए। लेकिन परिषद को विश्वास में लिए बिना भूमि आवंटन, अनापत्ति प्रमाण पत्र अथवा अन्य प्रशासनिक निर्णय लिए जा रहे हैं, जो निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अधिकारों का हनन है। विशेष रूप से पशु चिकित्सालय, स्वामी आत्मानंद विद्यालय, राजनीतिक दलों एवं अन्य संस्थाओं के लिए जारी अनापत्ति प्रमाण पत्र, परिषद की स्वीकृति के बिना किए गए हैं। इसलिए सीएमओ की कार्यप्रणाली को लेकर विशेष सम्मेलन में चर्चा एवं निर्णय कराने की मांग की गई है। उपाध्यक्ष देवव्रत साहू,नेता प्रतिपक्ष डुमेश साहू, वरिष्ठ पार्षद रजत चंद्राकर, मनीष साहू ने कहा कि नगर पालिका परिषद जनता द्वारा चुनी गई सर्वोच्च संस्था है। परिषद को विश्वास में लिए बिना भूमि आवंटन, अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करना एवं महत्वपूर्ण निर्णय लेना लोकतांत्रिक व्यवस्था और निर्वाचित पार्षदों के अधिकारों के विपरीत है। पालिका की संपत्तियां और संसाधन पूरे नगर की धरोहर हैं। इनके संबंध में कोई भी निर्णय परिषद की जानकारी और सहमति से होना चाहिए। हम चाहते हैं कि नियमों का पालन हो, पार्षदों के अधिकारों का सम्मान हो। नगर हित से जुड़े इन सभी विषयों पर विशेष सम्मेलन में खुलकर चर्चा हो।
इस अवसर पर पार्षद राखी चन्द्राकर, मंजू साहू, उर्वशी चंद्राकर, उत्तम साहू, अर्जुन ध्रुव मौजूद थे।
इस संबंध में सीएमओ महेन्द्र गुप्ता ने कहा कि राजस्व वृद्धि, जन सुविधाओं का विस्तार और शासकीय भुमि का संरक्षण के उद्देश्य से जनहित में मेरे द्वारा लिए गए फैसले में कुछ भी नियम विरुद्ध नहीं है।