धमतरी

बिजली महंगी होने से जनता को लग रहा 440 वोल्ट का झटका-लेखराम
15-Jul-2026 6:05 PM
बिजली महंगी होने से जनता को लग रहा 440 वोल्ट का झटका-लेखराम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 15 जुलाई। प्रदेश में बिजली की नई दरें लागू होने के बाद बिजली बिल में हो रही बढ़ोत्तरी से आम उपभोक्ताओं को जोर का झटका लग रहा है। कहने को तो प्रति यूनिट मामूली वृद्धि की गई है। लेकिन आम घरेलू उपभोक्ता पहले के मुकाबले डेढ़ से दो गुना बिजली बिल का सामना कर रहा है।

कुरुद के पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय समन्वयक पिछड़ा वर्ग कांग्रेस लेखराम साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 1 जुलाई 2026 से बिजली की नई दरें लागू हुई है। राज्य विद्युत नियामक आयोग द्वारा जारी नए टैरिफ के तहत विभिन्न श्रेणियां में प्रति यूनिट 30 से 50 पैसे तक की बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही अग्रिम बिजली बिल भुगतान पर मिलने वाली छूट में कमी और विलंब शुल्क की नई व्यवस्था भी लागू कर दी गई है। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बढ़ी बिजली दरें मुसीबत का सबसे बड़ा कारण बन रही है। पहले जिन घरों में 300 से 500 का बिल आता था, अब वहां 1000 से 1500 रुपये का बिल भरना पड़ रहा है।

कांग्रेसी नेता श्री साहू ने कहा कि डबल इंजन की सरकार  से जनता त्रस्त हो गई है किसान खाद-बीज, स्कूली बच्चे ड्रेस एवं किताब की समस्या से जुझ रहे हैं। बुजुर्गों को पेंशन की टेंशन देकर मानसिक रूप से आहत किया जा रहा है। हर तरफ अपराध और नशे का साम्राज्य दिखाई पड़ रहा है,  ग्रामीण क्षेत्रों में सडक़ों का बुरा हाल है, सरकार समस्या निवारण के लिए सुशासन तिहार का ढोंग कर रही है। प्रधानमंत्री आवास के लिए गाँवों में हाहाकार मचा हुआ है। अधिकारी बेलगाम और सत्ता पक्ष के नेता भ्रष्टाचार कर अपनी जेब भरने में लगे हैं। जनता की फरियाद सुनने वाला कोई नजऱ नहीं आता।


अन्य पोस्ट