धमतरी

पर्यावरण संतुलन के लिए पौधरोपण जरुरी-अजय
13-Jul-2026 3:13 PM
पर्यावरण संतुलन के लिए पौधरोपण जरुरी-अजय

करेली में सांसद- विधायक ने किया सिंदूर गार्डन का लोकार्पण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 13 जुलाई। प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन और मानवीय गतिविधियों के कारण जलवायु परिवर्तन की स्थिति उत्पन्न हो रही है इससे बचने हमें अधिक से अधिक पौधारोपण कर प्रकृति संरक्षण का काम करना होगा। उक्त बातें कुरुद विधायक ने करेली के सिंदूर गार्डन का लोकार्पण करते हुए कही।

  कुरुद विधानसभा अंतर्गत नव गठित नगर पंचायत करेली में वनमंडल धमतरी द्वारा विकसित ऑपरेशन सिंदूर उद्यान का लोकार्पण एवं नवीन पुलिस चौकी भवन के उद्घाटन सांसद रूपकुमारी चौधरी एवं विधायक अजय चंद्राकर ने किया।

इस मौके पर पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन और मानवीय गतिविधियों के कारण जलवायु परिवर्तन होने से कहीं सूखा तो कहीं बाढ़ जैसी परिस्थितियां निर्मित हो रही हैं। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने और प्रकृति के संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

श्री चन्द्राकर ने बताया कि नगर पंचायत बनने से विकास कार्यों को गति मिलेगी। आने वाले समय में यहां महाविद्यालय, औद्योगिक क्षेत्र, रेस्ट हाउस तथा तहसील भवन का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पात्र जरूरतमंद परिवार को प्रधानमंत्री आवास का लाभ दिलाया जाएगा।  सांसद श्रीमती चौधरी ने केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों को सिंदूर उद्यान और नवीन पुलिस चौकी भवन की बधाई दी। डीएफओ श्रीकृष्णा जाधव ने विभागीय गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया।  इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष वीरेंद्र साहू, उपाध्यक्ष खिलेश साहू, जिला पंचायत सभापति मीना साहू, पूर्व जनपद अध्यक्ष श्याम साहू, मंडल अध्यक्ष कल्याण राजपूत, प्रभारी होरीलाल साहू, महेन्द्र, राजेश साहू, नरेश सिन्हा, विजय यदु, थानेश्वर तारक, कोमल यदु, कुशलकांत साहू, छबिलाल, प्रीतराम साहू, अनिता देशमुख, विनीता साहू आदि उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट