धमतरी

प्रदेश सरपंच महासंघ में कुरुद के दो युवा सरपंच शामिल
11-Jul-2026 8:12 PM
प्रदेश सरपंच महासंघ में कुरुद के दो युवा सरपंच शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 11 जुलाई। छत्तीसगढ़ प्रदेश सरपंच महासंघ ने अपनी कार्यकरणी का विस्तार करते हुए कुरुद ब्लॉक सरपंच संघ अध्यक्ष हरिशंकर साहू को संरक्षक एवं जिलाध्यक्ष टिकेश साहू को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया है। महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष कपीलदेव नायक एवं महासचिव राजेश्वरी आदिल के हस्ताक्षर से जारी पत्र में उन्हें यह सम्मान दिया गया है।

ज्ञात हो कि कुरुद ब्लॉक सरपंच संघ के गठन के बाद अध्यक्ष हरिशंकर साहू ने क्षेत्र में नशामुक्ति, पर्यावरण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं स्वच्छता जैसे मुद्दों को लेकर सरपंच साथियों के साथ मिलकर बेहतर काम किया है। उनके इन्हीं सकरात्मक पहल से प्रभावित होकर उन्हें प्रदेश संगठन में संरक्षक बनाया गया है। इसी तरह धमतरी जिलाध्यक्ष टिकेश साहू को प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त कर राज्य संगठन ने उनका भी दायरा बढ़ाया है।

कुरुद क्षेत्र के दो शिक्षित युवा जागरूक सरपंचों को महासंघ में शामिल करने से क्षेत्र के सरपंचों में हर्ष व्याप्त है। कुछ साथी सरपंचों ने उन्हें बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि प्रदेश पदाधिकारी बनकर वें सरकार और संघ के बीच बेहतर तालमेल बिठा उनकी समस्याओं का प्रभावी निराकरण का काम करेंगे।


अन्य पोस्ट