धमतरी

कुरुद विस के 143 गांवों तक पहुंचेगा शुद्ध पेयजल
08-Jul-2026 5:45 PM
कुरुद विस के 143 गांवों तक पहुंचेगा शुद्ध पेयजल

विधायक के प्रयास से सिर्री-मेघा मल्टी विलेज स्कीम मंजूर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 8 जुलाई। राज्य सरकार के समूह जल प्रदाय योजना के तहत कुरूद विकासखंड में 130 करोड़ से अधिक की लागत की सिर्री मल्टी विलेज स्कीम मंजूर की गई है। अगले चार महीने में यह परियोजना जमीन में आकार लेने लगेगी।  निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ब्लॉक के 84 गांवों के 29793 परिवारों के घर तक नल के जरिये शुद्ध पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य पूरा होगा।

ाात हो कि कुरूद विकासखंड भूजल की दृष्टि से सेमी-क्रिटिकल जोन में शामिल है, जहां भूजल का अत्यधिक दोहन भविष्य के लिए चिंता का विषय बन चुका है। जिससे क्षेत्र को गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से जूझना पड़ता है। भूजल स्तर लगातार नीचे जाने और कई हैंडपंपों के सूख जाने से ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों को दूर-दराज से पानी लाने के लिए प्रतिदिन कठिन परिश्रम करना पड़ता था। इसी चुनौती को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय विधायक अजय चन्द्राकर लंबे समय से इस परियोजना को अपने निर्वाचन क्षेत्र में लागू करवाने के लिए प्रयासरत थे। ताकि इस योजना के तहत लोगों को भूजल के स्थान पर नहर के सतही जल की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। इस योजना से भूजल पर निर्भरता कम होगी, जल स्रोतों का संरक्षण होगा तथा आने वाली पीढिय़ों के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी। सिर्री मल्टी विलेज स्कीम से क्षेत्र के हजारों परिवारों को सालभर नियमित पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी।

इस संबंध में विधायक अजय चन्द्राकर ने बताया कि कुरुद सिर्री की तरह मगरलोड मेघा के लिए भी इसी तरह की परियोजना बनवाई गई है। जिसमें मेघा क्षेत्र के 59 गांवों को जोड़ा जाएगा तथा पारसाबुड़ा में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट एवं तीन मास्टर बैलेंसिंग रिजर्वायर स्थापित किए जाएंगे। प्रशासकीय स्वीकृति की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद इसका निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जनादेश का सम्मान प्रत्येक जनप्रतिनिधियों का दायित्व होता है। मैंने सदा इसका सम्मान किया और जनहित के कामों को जमीन में उतारने का यह प्रयास भी सफल रहा। यह योजना केवल जलापूर्ति परियोजना नहीं, बल्कि ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता में सुधार, महिलाओं के श्रम में कमी, जलजनित बीमारियों की रोकथाम और भूजल संरक्षण की दिशा में एक दूरदर्शी पहल है।

कुरुद लोक स्वास्थ्य यांत्रिक विभाग के एसडीओ राजवीर महोबिया ने बताया कि वैज्ञानिक एवं आधुनिक तकनीक के जरिये नहर से बांध का कच्चा पानी डांडेसरा स्थित सम्पवेल तक लाया जाएगा। यहां आधुनिक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में पानी का वैज्ञानिक तरीके से शुद्धिकरण किया जाएगा। इसके बाद पानी को मास्टर बैलेंसिंग रिजर्वायर में संग्रहित कर पाइपलाइन नेटवर्क के माध्यम से गांवों और प्रत्येक घर तक पहुंचाया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में गुरुत्वाकर्षण एवं पंपिंग प्रणाली का समन्वित उपयोग किया जाएगा, जिससे दूरस्थ बसाहटों तक भी पर्याप्त दबाव के साथ नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित होगी।

उन्होंने यह भी बताया कि योजना को सुचारू संचालन एवं समान जल वितरण के लिए चार जोन में विभाजित किया गया है। जिससे डांडेसरा जोन के 23,भाठागांव के 19, कोड़ेबोड़ 15 और सिर्री क्षेत्र के 27 गांवों को मिलाकर कुरुद विधानसभा के कुल 84 गांवों के 29793 परिवार प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे। योजना के सफल एवं दीर्घकालिक संचालन के लिए ग्राम पंचायतों तथा जल एवं स्वच्छता समितियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। जल संरक्षण, पाइपलाइन की देखरेख, लीकेज नियंत्रण तथा नियमित रखरखाव में स्थानीय समुदाय की सहभागिता से योजना अधिक प्रभावी एवं टिकाऊ बनेगी।


अन्य पोस्ट