धमतरी
कुरुद, 6 जुलाई। श्री सद्गुरु रावतपुरा सरकार के प्राकट्य एवं स्थापना दिवस महोत्सव के अवसर पर कुरुद के चित्रकार बसंत साहू को छत्तीसगढ़ गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। रावतपुरा सरकार यूनिवर्सिटी परिसर रायपुर में आयोजित गौरव सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ की विभिन्न विभूतियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए छत्तीसगढ़ गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। जिसमें राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त चित्रकार बसंत साहू को कला के माध्यम से आत्मनिर्भरता और संस्कार जगाने के लिए सद्गुरु रावतपुरा सरकार ने छत्तीसगढ़ गौरव सम्मान प्रदान किया।
इस मौके पर बसंत ने इस सम्मान को अपनी माता, गुरु, फाउंडेशन के सहयोगियों को समर्पित करते हुए कहा कि यह सम्मान समाजसेवा के प्रति उनकी जिम्मेदारी को और अधिक बढ़ाता है। वे जीवनभर सेवा, संस्कार और सृजन के मार्ग पर समर्पित भाव से कार्य करते रहेंगे।
समारोह में छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष डॉ.चरणदास महंत, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, राज्यसभा सांसद सहित अनेक मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।