धमतरी

लगातार बारिश से जलभराव बनी मुसीबत
05-Jul-2026 6:42 PM
लगातार बारिश से जलभराव बनी मुसीबत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 5 जुलाई।
बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के चलते कल रात से हो रही जबरदस्त बारिश ने अलनीनो की आशंका से डरे किसानों को राहत दी है। लेकिन लगातार हो रही बरसात ने नगर एवं ग्रामीण ड्रेनेज सिस्टम की पोल खोल कर रख दी है। मुख्य मार्ग से लेकर गली में जलभराव के चलते मुसीबत का कारण बन गए हैं।                  
ज्ञात हो कि शनिवार रात से कुरुद तहसील में अनवरत वर्षा जारी है। जिससे जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। रविवार सुबह नगर के डबरापारा, दानीपारा, पचरीपार, तहसील पारा, संजय नगर, बैगापारा, इंदिरा नगर जैसे कई इलाकों में घुटने तक पानी भर गया। सिविल अस्पताल के प्रवेश द्वार सहित आस पास के घरों में नाली का पानी घुसने लगा।
 इसी तरह पुरानी मंडी स्वीपर कॉलोनी, दानीपारा जाने वाली सडक़ जलमग्न हो गई। तालाब किनारे बनी सडक़ और नाली भी लबालब हो गई। जिससे लोगों को दुसरे रास्ते से अपने गंतव्य की ओर जाना पड़ा।
नगर में इस तरह के हालात पहली बार निर्मित नहीं हो रहे हैं। लोगों ने पहले भी इसकी शिकायत जिम्मेदारों से की, लेकिन कोई हल नहीं निकला।
कुछ जानकर लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों की उदासीनता कहें या अधिकारियों की लापरवाही, नाली निर्माण के समय लेबल का ध्यान नहीं रखा गया। जिसका खामियाजा आम नागरिकों को उठाना पड़ रहा है। कई जगह सडक़ लेबल से ऊंची नालियों की दीवार बना दी गई है। जिन नालियों को पानी निकासी के लिए बनाया, वहीं पानी के विपरीत बहाव के काम आ जलभराव की वजह बन रही है।  इस तरह की तकनीकी अनदेखी करने से जगह जगह सडक़ों में पानी जाम हो रहा है।
ऐसा ही नजारा भाजपा कार्यालय और केनाल पुल के पास देखने को हर बार मिलता है। नगर के इस मुख्य मार्ग किनारे पानी निकासी के लिए नाली बनवाने में कई प्रयोग और लाखों रुपए फूंक दिए गए। लेकिन हर बार लोगों को इस जगह जलभराव का सामना करना पड़ता है।
मंच से नेताओं की लोकलुभावनी विकास गाथा सुन सुन कर उब चुके नागरिकों को अब तक ढंग का ड्रेनेज सिस्टम  नहीं मिल सका है। विकास के नाम पर नालियाँ बनाई गई, जिस पर व्यवसायियों ने पाटा डाल धंधा शुरू कर दिया। सफाई के अभाव में नालियाँ पटने लगी और नागरिकों को जगह जगह जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
 नगर के अलावा ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को पहली बरसात में ही जल निकासी की परेशानी से जूझना पडा़। लोग सोशल मीडिया में अपने गाँव घर का वीडियो डाल सरपंच और व्यवस्था को कोष रहे हैं।
तहसीलदार सूरज बंझोर ने बताया कि कुरूद तहसील में बीती रात 64.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो अभी भी जारी है। उन्होंने अब तक कहीं बाढ़ या जनधन की हानि से इंकार करते हुए कहा कि राहत एवं आपदा प्रबंधन टीम को अलर्ट मोड़ में रखा गया है।
इस बारे में मुख्य नगर पालिका अधिकारी महेन्द्र गुप्ता ने बताया कि कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति निर्मित हुई थी। जिसे ठीक करने जेसीबी और राहत दल को मौके पर भेजा गया है। जल्द ही सब कुछ ठीक कर लिया जाएगा।


अन्य पोस्ट