धमतरी

अवैध रेत परिवहन, 8 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त कार्रवाई के दायरे पर चर्चा
04-Jul-2026 6:38 PM
अवैध रेत परिवहन, 8 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त कार्रवाई के दायरे पर चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 4 जुलाई। धमतरी जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर नियंत्रण के लिए राजस्व एवं खनिज विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की है। शनिवार को जांच अभियान के दौरान बिना वैध दस्तावेजों के रेत का परिवहन करते पाए जाने पर 8 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया गया है। हालांकि, बड़े वाहनों (हाइवा) पर कार्रवाई न होने को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल भी उठाए जा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के नियमों के तहत मानसून के दौरान रेत उत्खनन पर प्रतिबंध रहता है। इसके बावजूद कुरुद क्षेत्र के कुछ ग्रामीण इलाकों से रेत का परिवहन जारी रहने की शिकायतें आ रही हैं। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, मुख्य मार्गों पर चौबीसों घंटे रेत से भरे भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं का अंदेशा रहता है।

क्षेत्र के कुछ जानकारों का कहना है कि प्रशासन मुख्य रूप से स्थानीय स्तर पर आपूर्ति करने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के खिलाफ जब्ती की कार्रवाई कर रहा है, जबकि बड़े पैमाने पर परिवहन करने वाले भारी वाहनों पर वैसी ही कड़ी कार्रवाई देखने को नहीं मिल रही है। इस असमान कार्रवाई को लेकर क्षेत्र के छोटे वाहन स्वामियों में असंतोष की स्थिति निर्मित हो रही है।

राजस्व एवं खनिज विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को कोलियारी-धमतरी मार्ग पर विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान रेत का परिवहन कर रहे वाहनों के खनिज संबंधी दस्तावेजों और वैध अनुमति पत्रों (रॉयल्टी पर्ची) की जांच की गई।

संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नियमानुसार सभी 8 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों  को जब्त कर लिया गया। जब्त किए गए वाहनों को आगामी वैधानिक कार्यवाही के लिए सुरक्षित विभागीय अभिरक्षा में रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध उत्खनन और नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी वाहन को बख्शा नहीं जाएगा।


अन्य पोस्ट