धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 3 जुलाई। कुरुद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत महानदी पर निर्माणाधीन मेघा पुल का गर्डर गिरने की घटना के बाद विपक्ष इस मुद्दे पर आंदोलन की तैयारी कर रहा है। सेतु निगम द्वारा इसकी जांच को लेकर अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी नहीं दी गई है।
मेघा महानदी पर $46.97$ करोड़ रुपये की लागत से हाई लेवल पुल का निर्माण जनवरी 2025 से चल रहा है। 27 जून को पुल के पिल्लरों पर क्रेन की मदद से गर्डर चढ़ाने के दौरान लगभग 10-12 टन वजनी गर्डर नीचे गिरकर टूट गया। कुरुद और मगरलोड के बीच बन रहे इस पुल का उपयोग आवागमन के लिए किया जाता है।
इस घटना के बाद जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर ने घटना स्थल का निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुल निर्माण में अनियमितता बरती जा रही है और पिलर पर चढ़ाते समय गर्डर गिरकर टूट गया। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस पुल से वाहनों का आवागमन होगा, जिससे निर्माण की गुणवत्ता प्रभावित होने पर हादसा हो सकता है। नीलम चंद्राकर ने आरोप लगाया कि गर्डर टूटने के बाद उसके मलबे को मशीनों से दबाकर साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया गया। उन्होंने निर्माण कार्य की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में सेतु निगम के ईई एसके गुप्ता से संपर्क किए जाने पर उन्होंने बैठक में होने की बात कहकर फोन काट दिया। इसके अतिरिक्त कार्य से जुड़े अन्य तकनीकी अधिकारियों से संपर्क नहीं हो सका।