धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 2 जुलाई । महानदी से रेत और नगर के एक तालाब से मुरुम के उत्खनन व परिवहन के कारण स्थानीय पर्यावरण और यातायात प्रभावित हो रहा है। क्षेत्रवासियों के अनुसार, इस संबंध में शिकायत के बाद भी प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से स्थानीय लोगों में असंतोष है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कुरुद से दोनर मार्ग और मेघा-राजिम मार्ग पर रेत का परिवहन करने वाले वाहनों की संख्या काफी अधिक है। इन वाहनों से उडऩे वाली धूल के कारण मार्ग पर दृश्यता (विजिबिलिटी) कम हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। चर्रा-दोनर मार्ग पर वर्तमान में सडक़ निर्माण का कार्य भी चल रहा है, जिसके बीच वाहनों की आवाजाही से राहगीर परेशान हैं।
इस मार्ग से प्रतिदिन गुजरने वाले केंद्रीय विद्यालय, कृषि महाविद्यालय, संत गुरु घासीदास स्नातकोत्तर महाविद्यालय और आईटीआई सहित अन्य शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को धूल के गुबार से होकर जाना पड़ता है। छात्रों का कहना है कि इससे उन्हें आंखों में जलन और सांस संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, किसानों को भी अपनी उपज मंडी तक ले जाने में असुविधा हो रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वाहनों में ओवरलोडिंग और गति सीमा के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, प्रतिबंध के बावजूद सेलदीप, जोरातराई और दोनर क्षेत्र में नियमों की अनदेखी कर महानदी से रेत निकाली जा रही है। इससे ग्रामीण जीवन और पर्यावरण प्रभावित हो रहा है।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
नाराज क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन, पुलिस, परिवहन एवं खनिज विभाग से मांग की है कि परिवहन करने वाले वाहनों की जांच की जाए, सडक़ पर नियमित रूप से पानी का छिडक़ाव कराया जाए और शिक्षण संस्थानों के आसपास गति सीमा निर्धारित की जाए। इसके साथ ही, नगरवासियों ने वार्ड क्रमांक 5 में स्थित तालाब से हो रहे मुरुम उत्खनन और केनाल रोड से हो रहे इसके परिवहन पर भी रोक लगाने की मांग की है।