धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 30 जून। कुरूद-धमतरी को नगरी, गरियाबंद और ओडिशा से जोडऩे वाले महानदी पर निर्माणाधीन मेघा पुल में शनिवार 27 जून की दोपहर को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पुल के पिल्लरों पर क्रेन की मदद से भारी गर्डर चढ़ाने के दौरान एक गर्डर नीचे गिर गया। घटना के समय मौके पर कई मजदूर और कर्मचारी कार्यरत थे, जो सुरक्षित हैं और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही सेतु निर्माण निगम के अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं।
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और कुछ स्थानीय लोगों का आरोप है कि गर्डर चढ़ाने का काम विभागीय इंजीनियरों की अनुपस्थिति में गैर-तकनीकी लोगों द्वारा कराया जा रहा था, जिसके चलते यह घटना हुई। वहीं, गर्डर के गिरने के बाद उसके क्षतिग्रस्त होने पर कुछ लोगों ने निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। घटना के बाद निर्माण स्थल से मलबे को हटाने को लेकर भी स्थानीय स्तर पर चर्चाएं हैं।
पूर्व में ढह गया था पुराना पुल
उल्लेखनीय है कि 21 सितंबर 2024 को महानदी पर बना पुराना मेघा पुल क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे कुरुद और मगरलोड ब्लॉक की सीधी कनेक्टिविटी प्रभावित हुई थी। आवागमन बाधित होने से स्थानीय व्यापार और किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने 46.97 करोड़ की राशि स्वीकृत कर हाई लेवल नए पुल के निर्माण की जिम्मेदारी सेतु निगम को सौंपी है, जिसका काम पिछले एक साल से अधिक समय से जारी है।
जिला पंचायत सदस्य एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता नीलम चन्द्राकर ने कहा कि गिरकर गर्डर का बिखरना घटिया निर्माण का प्रतीक है। ठेकेदार द्वारा मलबे को जल्दबाजी में हटाकर साक्ष्य छुपाने का प्रयास किया गया
इस मामले में संबंधित ठेकेदार श्री बंसल का कहना है कि काम में कोई लापरवाही नहीं हुई, क्रेन स्लिप होने के कारण गर्डर गिरा, जिसे जल्द ठीक कर लिया जाएगा।