धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 27 जून। तालाब में नहाने गई दो मासूम बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। घटना मगरलोड क्षेत्र के ग्राम कपालफोड़ी की है। इस घटना से गांव में शोक की लहर है।
प्राप्त जानकारी अनुसार मगरलोड थानांतर्गत ग्राम कपाल फोड़ी में 26 जून की सुबह खुशबू पिता दीपक साहू (8 वर्ष) अपनी सहेली गीतिका पिता नारद साहू (8 वर्ष) के साथ गांव के तालाब में नहाने गई थी। नहाते-नहाते दोनों गहरे पानी में जाकर डूब गई। पास ही के दूसरे घाट पर गांव की ही महिला पेमिन साहू भी नहा रही थी, उसने थोड़ी देर पहले बच्चियों को नहाते हुए देखा था, लेकिन अब वहाँ कोई नजर नहीं आ रहा था। करीब जाकर देखा तो तालाब किनारे दोनों बच्चियों का कपड़ा व बाल्टी पड़ा हुआ था।
तालाब का पानी शांत देख उसे संदेह हुआ तो उसके परिजनों को सूचना दी। दोनों बच्ची के परिवार वाले तालाब पहुंच कर अंदर पानी में खोज बीन की, तब तालाब में 7 फीट गहरे पानी में दोनों बच्ची डूबी मिली। पानी से निकाल कक्षा चौथी की दोनों छात्राओं को फौरन शासकीय अस्पताल मगरलोड में लाया। जहां डॉक्टरों ने दोनों बच्ची को मृत घोषित कर दिया। दोनों बच्ची की मौत से परिवार वाले सदमे में है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम करा परिजनों को सौंप दिया है।