धमतरी

नपा कुरूद में विधायक प्रतिनिधि सहित 5 एल्डरमैन नियुक्त
26-Jun-2026 6:26 PM
नपा कुरूद में विधायक प्रतिनिधि सहित 5 एल्डरमैन नियुक्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 26 जून। कई महिनों बाद नगरपालिका कुरूद में विधायक प्रतिनिधि सहित पांच लोगों को एल्डरमेन नियुक्त किया गया है। सूची देखकर कुछ को खुशी और कईयों को हताशा हाथ लगी है। नाम चयन में सोशल इंजीनियरिंग का ध्यान नहीं रखने से वंचित समाज खुद को निराश महसूस कर रहा है।

राज्य शासन द्वारा जारी सूची में नगर पालिका कुरुद में बहुप्रतीक्षित एल्डरमैन कोटा की भरपाई कर दी गई है। जिसमें विधायक प्रतिनिधि के हक से परिषद बैठकों का संचालन करते रहे भानु चन्द्राकर को डबल पॉवर देते हुए एल्डरमैन भी बना दिया गया है। निकाय चुनावों के समय टिकट वितरण में पार्टी की बात मानने वाले पूर्व पार्षद नंदु चन्द्राकर एवं समाजिक पदाधिकारी खिल्लू देवांगन को सूची में जगह मिली है। जबकि खिलावन यादव एवं महावीर साहू को संघ और पार्टी निष्ठा का इनाम दिया गया है।

ज्ञात हो कि निकाय चुनाव के बाद से ही एल्डरमैन की नियुक्ति को लेकर कई नामों की चर्चा जोरों से होती रही है। उनमें से कुछ ने तो अपनी ताजपोशी की संभावना को देखते नई ड्रेस भी सिलवा रखी है। लेकिन जारी सूची में अपना नाम न देख वे निराशा के गर्त में चले गए हैं। जानकर लोगों का मानना है कि मौजूदा नेतृत्व की नीति रही है कि निर्वाचन से वंचित समाज को इस रास्ते से परिषद में प्रतिनिधित्व मिले लेकिन इस बार एल्डरमैन की नियुक्ति में सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास वाली पॉलिसी लागू नहीं की गई है। जिससे उस वर्ग की नाराजगी का सामना पार्टी को उठाना पड़ सकता है। बहरहाल नव नियुक्त एल्डरमैन को नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर समेत  परिषद के सभी साथियों ने बधाई दी है।   


अन्य पोस्ट