धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 26 जून। किसानों को समय पर उचित मूल्य पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने तथा उर्वरकों की जमाखोरी एवं कालाबाजारी पर नियंत्रण लगाने जिला प्रशासन द्वारा निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। कृषि विभाग ने छापा मारकर दो लाइसेंस निलंबित किया और तीन विके्रताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। गुरुवार को धमतरी जिले के विभिन्न उर्वरक विक्रय केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। जिसमें रूपाली कृषि केन्द्र, यादव खाद भण्डार, कैलाश सेल्स धमतरी, सांई कृषि, सूरज कृषि, कुणाल कृषि केन्द्र कोलियारी, भगवती कृषि, संजय कृषि केन्द्र आमदी तथा विकासखंड कुरूद के किसान सेवा केन्द्र मड़ईभाठा, साहू कृषि इर्रा, किसान बीज कोर्रा, सुनील कृषि कचना एवं सत्यम शिवम कृषक क्लब भखारा का निरीक्षण किया गया। पीओएस मशीन एवं भौतिक स्टॉक में अंतर, मूल्य एवं स्टॉक सूची का प्रदर्शन नहीं किये जाने, तथा पूर्व में जारी कारण बताओ नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं देने के कारण यादव खाद भण्डार दानीटोला एवं रूपाली कृषि केन्द्र रामबाग धमतरी का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर कुणाल कृषि, सूरज कृषि केन्द्र कोलियारी, सांई कृपा कृषि केन्द्र दानीटोला को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत सहकारी समितियों एवं लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही उर्वरक क्रय करें। कृषि विभाग का लक्ष्य समय पर पर्याप्त खाद एवं बीज उपलब्ध कराकर जिले में खरीफ फसलों के रकबे और उत्पादन में वृद्धि सुनिश्चित करना है।