धमतरी

मक्का मदीना से लौटे हाजियों का हुआ इस्तकबाल
21-Jun-2026 8:01 PM
मक्का मदीना से लौटे हाजियों का हुआ इस्तकबाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 21 जून। इस्लाम के चार फर्ज में से एक हज हर साहिब-ए-निसाब पर फर्ज है। इसी पर अमल करते हुए इस बार नगर से तीन जोड़ों ने मक्का मदीना की यात्रा की। हज के सभी अरकान पूरे कर वापस लौटे हाजियों का बाजे-गाजे के साथ इस्तकबाल किया गया। जिसमें विभिन्न समुदाय के लोगों ने भी हाजियों को सफल हज यात्रा की मुबारकबाद दी।

ज्ञात हो कि इस वर्ष कुरुद से अय्यूब खान-अंजुम खान, शेख सहाबुद्दीन-अलमास बेगम, अहमद खान-सकिला बेगम, एवं धमतरी से करीम खान-ताहिरा बेगम हज के लिए मक्का मदीना रवाना हुए। वहां सभी धार्मिक अराकान अदा करने के बाद उनकी वापसी में मुस्लिम समाज के द्वारा खैर मकदम किया गया।

24 जून को कुरुद से अमानुल्लाह कादरी-फरहीन फातिमा उमराह के लिए मक्का मदीना रवाना हो रहे हैं। जामा मस्जिद के इमाम कादरी ने हज की फलिजत बयां करते हुए बताया कि इस्लाम के चार फर्ज में से एक हज हर साहिब-ए-निसाब पर फर्ज है। हज के दरमियान काबा का तवाफ मुजदलिफा में रात गुजारना, सई और अराफात के मैदान में सभी अरकान पूरे करना। मदीना शरीफ में मस्जिद ए नबवी और आका के रोजे की जियारत करने के मौका मिलता है।

हज से लौटे मुस्लिम जमात के सदर अय्यूब खान ने बताया कि मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बावजूद इंडिया व सऊदी अरब गर्वमेंट के द्वारा बेहतर व्यवस्था की गई थी। जिसके चलते हज यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।

शनिवार शाम शंकर नगर वार्ड के शेख निवास से ईदगाह मैदान तक मटका पार्टी के साथ जुलूस निकाला गया। जिसमें शामिल हाजियों ने सभी से मुबारकबाद कबूल कर उन्हें दुआएं दी। कुछ खास घरों में जाकर फातेहा पढ़ उनके खैर बरकत के लिए रब से दुआ मांगी गई।

हजियों का स्वागत करने वालों में हाजी सै.हसन अली, सुलेमान, गफ्फार हलारी, हकीम खान, शेख बब्बू एवं लतीफ उस्मानी, जीकर भाई, कासम अली, शेख युनूस, अख्तर भाई, महबूब खान, जमाल रिजवी, शेख शरफराज, गयासुद्दीन, शाहबुद्दीन रिजवी, समसुद्दीन, हनीफ खान आदि शामिल थे।


अन्य पोस्ट