धमतरी

धमतरी में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, बैज भी हुए शामिल
18-Jun-2026 3:51 PM
धमतरी में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, बैज भी हुए शामिल

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

कुरुद, 18 जून। जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी द्वारा खाद की कमी, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और बिजली दरों में वृद्धि के विरोध में कलेक्टोरेट का घेराव कर प्रदर्शन किया गया। जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भी शामिल हुए। कांग्रेसियों ने कलेक्टोरेट पहुंच नारेबाजी करते हुए लगाए गए बैरिकेड पार करने की कोशिश की। जिसमें पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

बुधवार को कांग्रेस ने खाद की कमी, ईधन एवं बिजली दरों में वृद्धि के विरोध में कलेक्टोरेट का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि बिजली दरों में बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस तीन चरणों में आंदोलन चला रही है। पहले चरण में सभी जिला मुख्यालयों में बिजली कार्यालय और कलेक्टोरेट का घेराव किया जा रहा है। श्री बैज ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि राज्य में अपराध और माफिया गतिविधियां बढ़ रही हैं।

उन्होंने कोरिया, जांजगीर-चांपा, राजनांदगांव और धमतरी में हुई हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार पर कानून व्यवस्था संभालने में विफल रहने का आरोप लगाया है। इस दरमियान कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारणी चन्द्राकर, विधायक ओंकार साहू, अंबिका मरकाम, पूर्व विधायक लेखराम साहू, लक्ष्मी ध्रुव, नीलम चन्द्राकर आदि नेताओं ने राज्य सरकार पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि खरीफ सीजन शुरू होने के बावजूद किसानों को सोसाइटियों में यूरिया और डीएपी खाद नहीं मिल रही है, जिससे खेती प्रभावित हो रही है। नेताओं ने कहा कि बिजली दरों में बढ़ोतरी और महंगाई से आम लोगों की परेशानी भी बढ़ी है। सरकार को इन समस्याओं का तत्काल समाधान करना चाहिए वरना कांग्रेस आगे उग्र आंदोलन करेगी। जिला कांग्रेस के इस प्रदर्शन में कुरुद, सिहावा, धमतरी विधानसभा के कांग्रेसी नेता एवं कार्यकर्ताओं ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया। खासकर युवा नेताओं का जोश देख पुलिस भी हैरान रह गई।


अन्य पोस्ट