धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 18 जून। सामाजिक समन्वय स्थापित करने, सर्वमान्य नियमावली बनाने एवं आगामी निर्वाचन की रूपरेखा संबधी चर्चा हेतु रायपुर में छ ग़ प्रांत नाई सेन समाज के बैनर तले प्रदेश के समस्त पार फिऱका के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। जिसमें सर्व मान्य नियमावली बनाने एवं निर्वाचन रुपरेखा को लेकर विचार विमर्श किया गया।
मंगलवार को रायपुर में छत्तीसगढ़ नाई सेन समाज के सभी पार-फिरका पदाधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें प्रांत सचिव भुवनलाल कौशिक ने पंजीयन 82 के साथ समन्वय स्थापित करने, सर्वमान्य नियमावली बनाने तथा प्रांत पदाधिकारियों का निर्वाचन कैसे हो, इस विषय पर विचार आमंत्रित किया। चंदापारी, झेरिया समाज, ड्योढ़ी देशहा, सेरेठा, कन्नौजे, देशहा श्रीवास, उमरे आदि समाज के पदाधिकारियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पार फिरका के अस्तित्व को समाप्त न करें। इसमें रोटी बेटी से संबंधित कार्य संपादित किए जाते हैं। हम पंजीयन 82 के बैनर तले रहेंगे। बशर्ते बेटी का निराकरण पार फिरका में हो और रोटी सहित अन्य समस्याओं व प्रकरणों का समाधान सर्व सेन समाज में किया जाए।
इसी तरह सामाजिक नियमावली पार फिरका से हट कर सर्व सेन समाज का पृथक से सर्वमान्य नियमावली बनाया जाए। प्रांत के निर्वाचन में सभी पार फिरका का भागीदारी सुनिश्चित हो। साथ ही प्रत्येक घर से एक एक मतदाता बनाया जाए। समाज को राजनीतिक मंच न बनाएं। बल्कि समाज के विकास और एकता के लिए राजनीति करें।
सुझावों के बाद प्रांत नाई सेन समाज के सचेतक गौरीशंकर श्रीवास, उपाध्यक्ष आशुतोष श्रीवास, किशन सेन, मुन्ना श्रीवास, धनुष सेन, डीपी श्रीवास ने कहा कि भाग्य से हमें नाई जाति मिला है, जिसके बिना अन्य समाज में जन्म से लेकर मृत्यु तक का संस्कार अधूरा है। इसलिए छोटे कबिले के सरदार बनने के बजाए बड़े साम्राज्य का शासक बने। समाज को पार फिरका के धड़ों में न बांटे, हम सब नाई भाई हैं, एक बैनर तले आकर समाज की ताकत दिखानी होगी। तभी सेन समाज का भला और मूल्यांकन हो सकता है। निर्वाचन में भले ही कोई अध्यक्ष बने लेकिन वह समाज का आईना होगा। जिसके नेतृत्व में समाज के लोग आगे बढ़ेंगे।
अंत में प्रदेश अध्यक्ष पुनीतराम सेन ने सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्राप्त सुझावों पर चिंतन मनन करके अमल करने का प्रयास करेंगे। बैठक में छत्तीसगढ़ के संभाग प्रभारी, विभिन्न जिलों केपदाधिकारियों ने भाग लिया।