धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 14 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा धमतरी में प्रबुद्धजन सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें विधायक अजय चंद्राकर मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।
शनिवार को अग्रसेन भवन धमतरी में आयोजित सम्मेलन में शहर के विभिन्न समाजों के प्रबुद्धजन, व्यापारी, शिक्षाविद, चिकित्सक, समाजसेवी एवं उन्नत कृषकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा में हुई वृद्धि की जानकारी समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाना था।
श्री चंद्राकर ने बताया कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। गरीब कल्याण, किसानों के सशक्तिकरण, महिलाओं के सम्मान, डिजिटल क्रांति, बुनियादी ढांचे के विस्तार, राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक मंचों पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा ने देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की प्रमुख आर्थिक शक्तियों में शामिल होकर विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है।
कार्यक्रम में अन्य प्रबुद्धजनों ने भी अपने विचार रखते हुए राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता तथा जनभागीदारी को मजबूत करने पर बल दिया। इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा, पूर्व विधायक इंदर चोपड़ा, रंजना साहू, पिंकी शाह, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, दयाराम साहू, शालिनी राजपूत, नेहरू निषाद, डॉ.एनपी. गुप्ता, अर्चना चौबे, चंद्रशेखर चौबे, दयाराम अग्रवाल, बीएल.जैन, पवन अग्रवाल, महावीर गोयल, सुरेश महावर, भरत सोनी, ज्योति भानू चंद्राकर, यशोदा सोनकर, शकुन कश्यप, पार्वती वाधवानी सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।


