धमतरी

सुशासन तिहार में सोसाइटी प्रबंधक पर गबन का आरोप
06-Jun-2026 6:43 PM
सुशासन तिहार में सोसाइटी प्रबंधक पर गबन का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 6 जून। प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे सुशासन तिहार के जनसमस्या निवारण शिविरों में जहां समस्याओं के निराकरण का दावा किया जा रहा है, वहीं कुरुद क्षेत्र के ग्राम तर्रागोंदी में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सहकारिता विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सहकारी समिति सिलौटी अंतर्गत जुगदेही धान उपार्जन केंद्र के कर्मचारियों ने शिविर में एसडीएम के नाम शिकायती पत्र सौंप समिति प्रबंधक पर कर्मचारियों के हक की प्रोत्साहन राशि को अपने निजी खाते में ट्रांसफर करने का गंभीर आरोप लगाया गया है।

 ज्ञात हो कि कुरुद विधानसभा अंतर्गत ग्राम पंचायत तर्रागोंदी में 3 जून को लगाए गए सुशासन तिहार के शिविर में एसडीएम के नाम आये एक शिकायती आवेदन में सहकारिता विभाग में जारी अनिमियतता का खुलासा हुआ। यह मामला खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 के धान उपार्जन से जुड़ा है। इस दौरान जुगदेही केंद्र में लगभग 94,500 क्विंटल धान की खरीदी की गई थी। इस कार्य को तत्कालीन प्रभारी समिति प्रबंधक खेमलाल साहू और डाटा ऑपरेटर खिलावन साहू ने संपन्न कराया था। इसके बाद 15 फरवरी 2025 को अपेक्स बैंक के अंकित कुमार को इस समिति का नया प्रबंधक नियुक्त किया गया। कर्मचारियों का आरोप है कि अक्टूबर 2025 में शासन से प्राप्त शून्य फीसदी की प्रोत्साहन राशि 2,22,872 रुपये को वर्तमान प्रबंधक अंकित कुमार ने सेविंग खाता जुगदेही से नामे करवाकर अपने निजी बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिया, जबकि धान खरीदी के समय वे समिति में कार्यरत भी नहीं थे। जबकि नियमों के मुताबिक शासन से प्राप्त कुल राशि में से तत्कालीन प्रभारी का शेयर 78,005 रुपये, आपरेटर का 44,574. रुपये और भृत्य भुनेश्वर साहू का शेयर 33,430 रुपये बनता था। इस प्रकार कुल 1,56,010 रुपये का वितरण किया जाना था। परंतु, पूर्व प्रभारी खेमलाल साहू को महज 56,000 रुपये दिए गए, जिसे उन्होंने ऑपरेटर और भृत्य के बीच आपस में बांट लिया। वर्तमान में इन तीनों का 100010 रुपये बकाया हैं। जब इन कर्मचारियों ने प्रबंधक से इस राशि की मांग की तो उन्हें बजट समाप्त होने की बात कहकर टाल दिया गया।

परेशान कर्मचारियों ने सुशासन शिविर में एसडीएम के नाम पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने मांग की है कि धान खरीदी अनुबंध पत्र के नियमों के तहत कार्यरत कर्मचारियों की शेष प्रोत्साहन राशि सीधे उनके शाखा कोर्रा के बैंक खातों में जमा कराई जाए। साथ ही, शासकीय राशि का कथित रूप से नियम विरुद्ध आहरण करने वाले  समिति प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई की जाए।


अन्य पोस्ट