धमतरी

कुरुद में सुशासन तिहार : पीएम आवास, महतारी वंदन के सर्वाधिक आवेदन
05-Jun-2026 6:32 PM
कुरुद में सुशासन तिहार : पीएम आवास, महतारी वंदन के सर्वाधिक आवेदन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 5 जून। नगर पालिका कुरुद में सुशासन तिहार अंतर्गत दूसरी बार समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें नागरिकों ने पीएम आवास, महतारी वंदन, भूमिहीन कृषक योजना जैसी हितग्राही मूलक योजनाओं के लाभार्थी बनने आवेदनों का अंबार लगा दिया। प्रदूषण, बिजली, पानी, सफाई, कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा से जुड़े शिकायती पत्र भी मिलें जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया।

कुरुद केनाल रोड स्थित विवेकानंद सामुदायिक भवन  में नगर के सभी 15 वार्डों की जनसमस्या निवारण हेतु शुक्रवार को समाधान शिविर लगाया गया। जिसका शुभारम्भ नपा अध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर ने अपने सहयोगी पार्षदों के साथ मिलकर किया।

शिविर में लोगों ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया। अधिकांश का फोकस पीएम आवास, महतारी वंदन, भूमिहीन कृषक योजना जैसी हितग्राही मूलक योजनाओं पर था। कुछ आवेदनों में नागरिकों ने बढ़ते प्रदूषण, बिजली, पानी, सफाई, कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठा समाधान की मांग की। कुछ ने नगर में बढ़ती नशाखोरी, अपराध के लिए पुलिस प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। औद्योगिक एवं पोल्ट्री व्यवसाय से उत्पन्न प्रदूषण में रोकथाम के लिए भी आवेदन किया गया। इसके पूर्व 19 मई को भी सुशासन तिहार मनाया गया था। जिसमें 500 से अधिक लोगों ने आवेदन देकर नगर प्रशासन के काम काज पर सवाल उठाया था।

5 जून को आयोजित शिविर में अध्यक्ष चंद्राकर ने सभी विभागों के स्टालों का निरक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने हितग्राहियों से चर्चा कर कुपोषित बच्चों को पोषण टोकनी एवं नोनी योजना के सर्टिफिकेट, बीमा और जन्म प्रमाण पत्र का वितरण किया। सीएमओ महेन्द्र गुप्ता ने बताया कि आज के शिविर में प्राप्त सभी विभागों के आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। इस अवसर पर पार्षद मिथलेश बैस, सीतेश सिन्हा, रवि मानिकपुरी, कविता चंद्राकर, राजकुमारी ध्रुव व धनेश्वरी निर्मलकर, विनोद चंद्राकर सहित निकाय कर्मी एवं नागरिक उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट