धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 4 जून। छत्तीसगढ़ प्रदेश उद्यानिकी विभाग के दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर नियमितीकरण एवं स्थायीकरण सहित अपनी तीन सूत्रीय मांग के संबंध में चर्चा कर हल निकालने का निवेदन किया।
बुधवार रात रायपुर के मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ प्रदेश उद्यानिकी दैनिक वेतनभोगी श्रमिक संघ पंजीयन क्रमांक 746 के अध्यक्ष विजय पटेल, महामंत्री पारसमणी साहू, कृष्ण साहू, चांदसिंह निर्मलकार, चितरंजन दास ने तीन सुत्रीय मांग पत्र सौप सीएम को बताया कि कृषि विभाग के अंतर्गत उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी विभाग के अधीन सभी जिलों में कार्यरत दैनिक वेतन भोगी श्रमिक/कर्मचारी को रिक्त पदों पर समायोजन कर सांखेत्तर पद पर नियमित किया जाए। जिसमें 1798 दैनिक वेतन भोगी वाहन चालक, कार्यलय सहायक, कम्प्यूटर ऑपरेटर, भृत्य, चौकीदार, सफाई कर्मी 1998 से आज तक सेवा दे रहे हैं। संघ पदाधिकारियों ने 10 वर्ष पूर्ण कर चुके दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों का नियमितिकरण करने, 2 वर्ष पूर्ण कर चुके को स्थाईकरण, विभाग में तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के रिक्त पदों पर समायोजित करते हुए कार्यरत दैनिक वेतन भोगी श्रमिक/कर्मचारियों को सांख्येत्तर पद सृजित करने की मांग रखी है।
इस अवसर पर नंदकुमार पटेल, कुलेश्वर यादव, कौशल पटेल आदि मौजूद थे।


