धमतरी

कुरुद की पुरानी संरचनाओं में बदलाव की तैयारी में जुटे विधायक
03-Jun-2026 7:01 PM
कुरुद की पुरानी संरचनाओं में बदलाव की तैयारी में जुटे विधायक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 3 जून। नगर विकास के पैमाने को फिर से परिभाषित करते हुए यहां की बसाहट को नये सिरे से पिरोने पुरानी संरचनाओं में व्यापक बदलाव की तैयारी की जा रही है। इसके सूत्रधार कुरुद विधायक पिछले कुछ समय से इसके लिए समाज के अलग-अलग तबके से रायशुमारी कर नगर के भावी स्वरूप का खांचा खिंचने में लगे हैं। इस काम में स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी मिलकर ब्लूप्रिंट तैयार करने में लगे हैं।

गौरतलब है कि पूर्व मंत्री अजय चन्द्राकर अपने गृह नगर कुरुद को हर लिहाज से किसी विकसित एवं बड़े शहर के मानिंद सारी सुविधाओं से लैस करना चाहते हैं। पिछले दो दशक में उन्होंने काफी कुछ करके भी दिखाया है। लेकिन कुछ पुरानी बसाहट उनके सपनों की उड़ान में बाधक की भूमिका में मौजूद हैं। उन्हें ठीक किए बिना सुव्यवस्थित नगर की कल्पना साकार होना मुश्किल है। अत: विधायक ने नगर के बीचों बीच स्थित पुरानी और बेकाम मंडी के कुछ भाग को एक्सचेंज ऑफर के तहत नगर पालिका को दिलवाने में अहम भूमिका निभाई है।

बायपास मार्ग में स्थित नई मंडी से लगी निकाय की जमीन 1 एकड़ 33 डिसमिल के बदले में मंडी बोर्ड से 96 डिसमिल पुरानी मंडी की जगह ली गई। इसके लिए निकाय प्रस्ताव से लेकर सरकार से मंजूरी लेने में विधायक ने अपने राजनीतिक एवं प्रशानिक कौशल का परिचय दिया। मद परिवर्तन की कठिन चुनौतियों का पार करने के बाद नगर पालिका को हासिल हुई जमीन का क्या और कैसा उपयोग हो यह सुनिश्चित करने वे पिछले कुछ समय से जनमत संग्रह के काम में जुटे हैं। मिलर्स, ट्रेंडर्स, कारोबारी, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों से रेस्ट हाऊस में अलग अलग चर्चा कर रायशुमारी की।

यहाँ पर यह बताना लाजमी होगा कि नगर में संचालित पांच दसक पुरानी कुछ शासकीय स्कूलों को भी बाहरी हिस्से में स्थानंतरित करने की तैयारी हो रही है। इसके अलावा पशु औषधालय, वन डिपो को भी उनकी उचित जगह पर स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है। इसको लेकर विपक्षी खेमे से विरोध की सुगबुगाहट सुनने एवं नगर पालिका के अंक गणित में सत्ता पक्ष की कमजोरी के मद्देनजर नगर सुधार के इन सब बड़े कामों में कोई व्यवधान न आए, इसके लिए जनमत को अपने पक्ष में करने की कवायद सत्तापक्ष की ओर से जारी है।

बहरहाल इसी क्रम की पहली कड़ी में पुराना बाजार की शासकीय प्राथमिक विद्यालय को शंकर नगर में स्थित पशु औषधालय परिसर में शिफ्ट करने 4 जून को आरईएस विभाग द्वारा अतिरिक्त कक्ष निर्माण का भूमिपूजन समारोह आयोजित किया गया है।

जिसमें विधायक अजय चन्द्राकर, नपा अध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर सहित अन्य पार्टी नेताओं को आमंत्रित किया गया है।


अन्य पोस्ट