धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 30 मई। ग्राम करगा में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करने पहुंचे विधायक अजय चन्द्राकर ने इशारे ही इशारे में जल्द गाँव को बड़ी सरप्राइज देने की बात कही। साथ ही उन्होंने कहा कि अब उनका क्षेत्र में निरंतर जनसंपर्क बना रहेगा।
कुरुद विधानसभा अंतर्गत ग्राम पंचायत करगा में आयोजित लोकार्पण, भूमिपूजन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री चन्द्राकर ने विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। ग्रामीण से चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि जल्द ही गाँव में एक बड़ी परियोजना लागू होगी, जिसके कारण क्षेत्र का नाम और विकास का पैमाना बदलेगा। इतना सुनते ही ग्रामीणों में खुसूर फुसूर होने लगी। क्योंकि उन्होंने पहले ही कहीं से सुन रखा था कि यहां सैनिक स्कूल बनने वाला है, जिसके लिए गाँव की करीब 50 एकड़ जमीन की जरूरत होगी।
श्री चन्द्राकर ने कहा कि जल्द ही वे अपने निर्वाचन क्षेत्र के सभी गाँव का दौरा करेंगे और विकास कार्यों की गति बढ़ाने का काम होगा। सरपंच सावित्री गणेश्वर साहू ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, जनपद सदस्य अनुराग साहू, सरपंच संघ अध्यक्ष हरिशंकर साहू, मंडल अध्यक्ष लोकेश साहू,उपसरपंच चुनेश्वर साहू, सचिव ताराचंद साहू, धन्नुराम साहू, रीता रूपेश्वर साहू, नोहर साहू, संतोषी, जगमोहन, पुष्पेंद्र साहू, हेमलाल बया, हेमंत साहू, जीवन, भूपेंद्र साहू, नूतन पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।


