धमतरी

चौबीस घंटे के भीतर दो मंदिर में चोरी
26-May-2026 6:21 PM
चौबीस घंटे के भीतर दो मंदिर में चोरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 26 मई। चौबीस घंटे के भीतर मरौद और भखारा के शीतला मंदिर में चोरी हुई है।   कुरुद जनपद क्षेत्रान्तर्गत नगर पंचायत भखारा में सोमवार रात शीतला मंदिर में चोरी की वारदात सामने आने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

चोरों ने यहां के प्राचीन शीतला मंदिर को निशाना बनाते हुए चांदी के आभूषण और दानपेटी में रखी नगदी पर हाथ साफ कर दिया। मंगलवार सुबह ग्रामीण रोज की तरह पूजा-अर्चना के लिए शीतला मंदिर पहुंचे तो देखा कि मंदिर का मुख्य दरवाजा खुला और भीतर का सामान अस्त-व्यस्त बिखरा पड़ा था।

जब मंदिर के अंदर जाकर देखा गया तो माता के चांदी के आभूषण गायब थे, दानपेटी में रखी नगदी भी चोरी हो चुकी थी। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जमा हो गए। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने से उनकी आस्था आहत हो रही है। सूचना मिलते ही भखारा पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। यहाँ एक दिन पहले सोमवार की रात ग्राम पंचायत मरौद की शीतला मंदिर में भी चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। वहां से माता के सोने-चांदी के आभूषण और दानपेटी की नगदी चोरी कर ली गई थी।

लगातार दो दिनों में दो शीतला मंदिरों में चोरी की घटनाओं ने पूरे क्षेत्र में दहशत और नाराजगी का माहौल पैदा कर दिया है।

इस मामले में एसडीओपी रागणी मिश्रा का कहना है कि रात में गश्त बढ़ाने और मंदिरों की सुरक्षा मजबूत करने के साथ-साथ पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है। इस मामले में अंतरराज्यीय गिरोह की भूमिका होने की संभावना को ध्यान में रख जांच की जा रही है जल्द ही आरोपी कानून के शिकंजे में होगा।


अन्य पोस्ट