धमतरी

यूनिसेफ की मदद से बाल मधुमेह से पीडि़त बच्चों को मिला मार्गदर्शन
26-May-2026 3:26 PM
यूनिसेफ की मदद से बाल मधुमेह से पीडि़त बच्चों को मिला मार्गदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 26 मई। बाल मधुमेह टाइप-1 डायबिटीज से प्रभावित बच्चों एवं उनके परिवारों के लिए जिला स्वास्थ्य समिति धमतरी द्वारा यूनिसेफ छत्तीसगढ़ एवं एमसीसीआर ट्रस्ट के सहयोग से रोगी सहायता समूह की बैठक आयोजित की गई। जिसमें 25 बाल मधुमेह मरीजों एवं 35 परिजनों तथा देखभालकर्ता शामिल हुए।

जिला पंचायत धमतरी के सभाकक्ष में सोमवार को हुए इस कार्यक्रम में डायबिटीज प्रबंधन किट इंसुलिन पेन, ग्लूकोमीटर, शुगर जांच स्ट्रिप, लैंसेट एवं नीडल वितरित की गई। विशेषज्ञों ने नियमित शुगर मॉनिटरिंग एवं समय पर इंसुलिन लेने के महत्व पर जोर दिया। साथ ही बच्चों की आवश्यक जांचों जैसे फंडस एग्जामिनेशन एवं लिवर फंक्शन टेस्ट की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी, ताकि संभावित जटिलताओं की समय रहते पहचान की जा सके।

बैठक में ऑनलाइन उपलब्ध शैक्षणिक वीडियो एवं डिजिटल संसाधनों के बारे में बताया गया, ताकि अभिभावक और बच्चे घर पर भी बीमारी के संबंध में सही जानकारी प्राप्त कर सकें। यूनिसेफ दिल्ली से एनसीडी सलाहकार डॉ. सोना देशमुख ने बच्चों में बढ़ते टाइप-1 डायबिटीज के मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए समय पर पहचान, संतुलित आहार, नियमित इंसुलिन, फिजिकल एक्टिविटी एवं निरंतर फॉलो-अप की आवश्यकता पर जोर दिया।

जिला अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रविकिरण शिंदे ने इससे जुड़े आवश्यक परहेज, इंसुलिन प्रबंधन, संतुलित आहार एवं संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए कहा कि सही जीवनशैली, नियमित उपचार एवं परिवार के सहयोग से बच्चे सामान्य और सक्रिय जीवन जी सकते हैं। मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा ने बच्चों के लिए नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया। कुछ अभिभावकों ने बच्चों की देखभाल, स्कूल से जुड़ी चुनौतियों, खानपान, नियमित इंसुलिन एवं सामाजिक दबाव जैसी समस्याओं को साझा किया।

विशेषज्ञों ने संवाद के माध्यम से उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत स्वास्थ्य सभापति मोनिका देवांगन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यूएल. कौशिक, चिकित्सा अधिकारी डॉ. आदित्य सिन्हा, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रिया कंवर, यूनिसेफ से अक्षय तिवारी, स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. गजेंद्र, एमसीसीआर ट्रस्ट के डॉ. श्याम, जिला स्वास्थ्य समिति से डॉ. श्रीकांत चंद्राकर, जिला काउंसलर भागेश्वर लोधी एवं गुलशन कुमार आदि उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट