धमतरी

सहकारिता आयुक्त ने खाद और ऋण वितरण की समीक्षा
17-May-2026 10:30 PM
सहकारिता आयुक्त ने खाद और ऋण वितरण की समीक्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 17 मई। सहकारिता आयुक्त महादेव कावरे क्षेत्र की कुछ समितियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ऋण वितरण और खाद भंडारण की समीक्षा और निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया।

 शनिवार को कुरुद पहुंचे आयुक्त महादेव कावरे का संबंधित अधिकारियों ने स्वागत किया। तत्पश्चात उन्होंने समितियों की बैठक लेकर ऋण वितरण की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराया जाए। साथ ही खाद भंडारण और वितरण व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

 बैठक में किसान हित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। आयुक्त ने किसान क्रेडिट कार्ड वितरण, सीएससी संचालन, माइक्रो एटीएम की सुविधा और सहकार से समृद्धि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की प्रगति की रिपोर्ट ली। उन्होंने मैदानी अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के किसान तक पहुंचना सुनिश्चित करें। आयुक्त श्री कावरे ने कुरूद, गाड़ाडीह और कुहकुहा समितियों का निरीक्षण कर मंडी बोर्ड द्वारा बनाये जा रहे किसान कुटीर एवं गोदामों का बारीकी से अवलोकन कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने तथा कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया।

इस दौरान जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, उप पंजीयक पीके. ठाकुर, नोडल अधिकारी बलरामपुरी गोस्वामी, सहकारिता विस्तार अधिकारी जितेंद्र नंदा, शाखा प्रबंधक टीकेन्द्र बैस,पर्यवेक्षक चंद्रकुमार साहू आदि उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट