धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 17 मई। ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में शान-ए-मुस्तकबिल कार्यक्रम में होनहार स्कूली बच्चों, नन्हे रोजदार एवं हज के मुबारक सफऱ पर जाने वाले खुशनसीब लोगों का सम्मान किया गया।
जामा मस्जिद कुरुद में शुक्रवार को तालीम से तरक्की, मेहनत से कामयाबी के संदेश के साथ आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के कक्षा 5वीं से 12वीं तक की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मो. याशीन, साबिर, आलिज़ा हालारी, फरज़ाना, फजले इलाही, आलिया, आशिफ़ा शेख, मो.शाद ,खीबरत, अक्सा फातिमा का प्रशस्ति पत्र और मेडल भेंट कर सम्मान किया गया।
इसी तरह आलिया, आइजा, आयत, अनम, आयरा, अशरिन, माहेनूर, शना, कैनेन, आशीम सहित 35 नन्हें रोजेदारों को इनाम इकराम से नवाजा गया। इसके अलावा इस वर्ष हज्जे बैतूल्ला के लिए मक्का मदीना जा रहे अय्युब खान, अहमद खान, शेख शाहबुद्दीन का हाजी हसन अली, सुलेमान हलारी, हकीम खान, गफ्फार हलारी, शेख बब्बू भाई, इमाम शेख अमानुल्ला कादरी ने गुलपोशी के साथ इस्तकबाल किया।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक सलामत अशरफी ने बताया कि कौम के बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाना है। इसी तरह नन्हें रोजेदारों में अपने दीन के प्रति रुझान पैदा करने के लिए उनकी हौसला अफज़़ाई की। इस बार कुरुद से 6 लोगों को हज के लिए बुलावा आया है, इसलिए हमने उनका भी इस्तकबाल किया है।
समाज प्रमुख अय्यूब खान ने आयोजित कार्यक्रम के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद थे।


