धमतरी

स्किल डेवलपमेंट सेंटर का कलेक्टर-उद्योगपति ने किया अवलोकन
12-May-2026 2:38 PM
स्किल डेवलपमेंट सेंटर का कलेक्टर-उद्योगपति ने किया अवलोकन

युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने दिया जा रहा निशुल्क प्रशिक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 12 मई। धमतरी जिले के युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार से जोडऩे की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा लगातार नवाचारपूर्ण पहल की जा रही है। जिसके तहत कोलियरी में चलाए जा रहे एक प्रशिक्षण केंद्र का कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं उद्योगपति और निवेशक मधुसूदन केला ने युवाओं को स्किल डेवलपमेंट के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का गुरु बताया।

  धमतरी से सटे ग्राम कोलियरी में चलाए जा रहे कौशल प्रशिक्षण केंद्र का अवलोकन करने पहुंचे धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं कुरुद से पढ़ लिखकर बड़े उद्योगपति बने मधुसूदन केला ने केंद्र में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों, प्रयोगशालाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर ब्यूटी पार्लर, कंप्यूटर कोर्स, रिटेल सेल्स मैनेजमेंट, इलेक्ट्रीशियन एवं जनरल ड्यूटी असिस्टेंट से संबंधित क्लासरूम और लैब का निरीक्षण करते हुए प्रशिक्षण की गुणवत्ता, पाठ्यक्रम की उपयोगिता तथा युवाओं की सहभागिता के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

उद्योगपति श्री केला ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में युवाओं को रोजगारपरक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण युवाओं को आधुनिक कौशल से जोडऩे का कार्य भविष्य के लिए प्रेरणादायी मॉडल साबित होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में केंद्र में और अधिक आधुनिक तकनीकी एवं सेवा क्षेत्र से जुड़े पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जाएंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध हो सकें।  कलेक्टर श्री मिश्रा ने बताया कि मधुरिमा गुरुकुल के माध्यम से आसपास के गांवों के युवाओं को पूर्णत: नि:शुल्क कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण उपरांत युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वरोजगार हेतु भी मार्गदर्शन एवं सहायता दी जाएगी। जिला प्रशासन का उद्देश्य युवाओं को केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि युवाओं को सॉफ्ट स्किल, व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल एवं कार्यस्थल व्यवहार जैसे विषयों का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे रोजगार के लिए बेहतर रूप से तैयार हो सकें। साथ ही विभिन्न औद्योगिक संस्थानों एवं कंपनियों से समन्वय स्थापित कर प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट