धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 7 मई। किसानों को नवीन कृषि तकनीकों से जोडक़र उनकी आय में वृद्धि एवं कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ग्राम डुमरपाली में कृषि विभाग द्वारा विकसित कृषि संकल्प अभियान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने किसानों की आय दोगुनी करने सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयासों की जानकारी दी
मगरलोड जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत डुमरपाली में आयोजित शिविर में क्षेत्र के किसानों को आधुनिक खेती, उन्नत बीज, जैविक कृषि, तकनीकी नवाचार तथा शासन की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष विरेन्द्र साहू ने कहा कि किसानों की समृद्धि ही विकसित भारत और छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीकों को अपनाने, जैविक खेती को बढ़ावा देने एवं शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही जिला पंचायत सभापति मीना-डेमू साहू ने किसानों की आय दोगुनी करने सरकार द्वारा लागू योजनाओं एवं इसके लिए किये जा रहे प्रयासों के बारे में विस्तार से बताया। कृषि अधिकारियों एवं विशेषज्ञों द्वारा किसानों की समस्याओं का समाधान करते हुए उन्हें उन्नत कृषि पद्धतियों, फसल संरक्षण, मृदा परीक्षण, सिंचाई प्रबंधन एवं कृषि यंत्रों के उपयोग संबंधी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जनपद सभापति तिलोत्तमा साहू, मनोहर साहू, टेकराम, केएस. नरेठी, विजय साहू, बीएस. सोनी, पंच एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।


