धमतरी

श्रमिकों को सम्मान देने कांग्रेस और भाजपा से जुड़े लोगों ने लिया बोरे बासी का मजा
01-May-2026 5:24 PM
श्रमिकों को सम्मान देने कांग्रेस और भाजपा से जुड़े लोगों ने लिया बोरे बासी का मजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 1 मई। मजदूर दिवस के दिन बोरे बासी खाकर मेहनतकश श्रमिकों के प्रति सम्मान प्रकट करने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की परम्परा को आगे बढ़ाते हुए आज कांग्रेसी नेताओं ने बासी खाकर अपने नेता एवं श्रमिक वर्ग के प्रति आदर प्रस्तुत किया। भाजपा से जुड़े लोगों ने भी बासी खाकर सोशलमीडिया में बेहिचक फोटो डाली है।

 गौरतलब है कि मुख्यमंत्री रहते भूपेश बघेल ने 1 मई मजदूर दिवस पर बोरे बासी खाकर श्रम का सम्मान करने का अनुरोध किया था, तब लोगों ने इसका जमकर स्वागत किया। तब से प्रदेश में यह परम्परा जारी है। कांग्रेसी नेता आज के दिन बोरे बासी खाकर सोशलमीडिया में फोटो डालते हैं। इस बार भी कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारणी चन्द्राकर ने घर में चटनी बासी का स्वाद लेते हुए फोटो पोस्ट की। उन्होंने बताया कि हम सबके नेता भूपेश कका की परम्परा को आगे बढ़ाते हुए हमने राजीव भवन धमतरी में मजदूरों संग बोरे बासी खाने का प्रोग्राम रखा है। इसके अलावा सभी ब्लाक कांग्रेस कमेटियों द्वारा श्रमिक सम्मान एवं छत्तीसगढ़ी संस्कृति,लोक परम्परा को बढ़ावा देने सामुहिक रूप से बोरे बासी खाने का इंतजाम किया गया है।

दुग्ध निगम के पूर्व अध्यक्ष विपिन साहू, धमतरी के पूर्व महापौर विजय देवांगन, जिला पंचायत सदस्य नीलम चन्द्राकर ने भी अपनी फोटो डाल कर लिखा है कि छत्तीसगढ़ में बासी खाने की परम्परा सदियों पुरानी है, इसे मेहनत मजदूरी करने वाले लोगों के सम्मान से जोडऩे का काम हमारे कका ने किया है। पूर्व जनपद अध्यक्ष शारदा साहू, नपं अध्यक्ष तपन चंद्राकर, उपाध्यक्ष मंजू प्रमोद साहू, भखारा ब्लाक कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष राजू साहू आदि ने फोटो पोस्ट कर कहा कि छत्तीसगढिय़ा अस्मिता को नई पहचान एवं मजदूर भाइयों के सम्मान देने के तौर पर बोरे बासी खाने की परंपरा डाली गई है, जिसे हर वर्ग ने स्वीकारा है। इसी तरह भाजपा से जुड़े पूर्व सभापति सुनील चन्द्राकर, खिलेन्द्र चन्द्राकर ने भी मजे से बासी चटनी खाते हुए फोटो शेयर कर मजदूर वर्ग के प्रति सम्मान प्रकट किया है।


अन्य पोस्ट