धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 24 अप्रैल। मगरलोड जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बेलौदी एवं हरदी में विभिन्न योजनाओं के तहत होने वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन जनपद अध्यक्ष वीरेंद्र साहू एवं जिला पंचायत सभापति मीना डेमू साहू ने किया।
मगरलोड ब्लॉक के इन दो पंचायतों में 15वें वित्त आयोग मद से नाली निर्माण कार्य एवं धर्मस्व एवं धार्मिक न्यास विभाग से शीतला मंदिर जीर्णोद्धार कार्य का विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ। यह कार्य विकास, स्वच्छता एवं धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष वीरेंद्र साहू ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंचाना ही उनका संकल्प है।
उन्होंने बताया कि नाली निर्माण कार्य से ग्रामीणों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा, जल निकासी की समस्या दूर होगी तथा बीमारियों की रोकथाम में मदद मिलेगी। वहीं शीतला मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य से क्षेत्र की धार्मिक आस्था को नया स्वरूप मिलेगा और स्थानीय संस्कृति एवं परंपराओं को संरक्षण मिलेगा। अध्यक्षता कर रहीं मीना डेमू साहू ने बताया कि पंचायत स्तर पर इस प्रकार के विकास कार्य ग्रामीण जीवन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि मगरलोड क्षेत्र में सडक़, पानी, स्वच्छता, शिक्षा एवं धार्मिक स्थलों के विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं, जिससे आने वाले समय में यह क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। इस अवसर पर सरपंच सीता टूमन साहू, मनोहर ध्रुव, रिपुसुदन साहू, ढालसिंह, उमेद साहू, हेमा बाई, सोनिया साहू, बोहरन यादव, बिरेंद्र साहू, बलराम साहू, मालवंत द्विवेदी, सोमनाथ साहू, संतोष यादव, गिरेश साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।