धमतरी

डेमो जनगणना के लिए सडक़ों पर उतरे प्रगणक
24-Apr-2026 5:17 PM
डेमो जनगणना के लिए सडक़ों पर उतरे प्रगणक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 24 अप्रैल। नगर पालिका परिषद कुरूद में जनगणना 2027 अंतर्गत प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को 22 से 24 अप्रैल तक 3 दिवसीय प्रशिक्षण फील्ड ट्रेनरों द्वारा प्रदान किया गया। प्रशिक्षण उपरांत आज सभी प्रगणकों को डेमो जनगणना के लिए रवाना किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष, तहसीलदार एवं सीएमओ ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ डियूटी करने की बात कही।

 1 मई 2026 से प्रारंभ होने जा रहे जनगणना का पहले नगर एवं तहसील क्षेत्र के लिए 6 टीम बनाई गई है। जिन्हें दो चरणों में प्रशिक्षित किया गया। पहले चरण में 15 से 17 अप्रैल तक करीब 150 प्रगणकों को प्रशिक्षण दिया गया। 22 से 24 अप्रैल तक दूसरे चरण में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र हेतु इतने ही चयनित कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया। नगर के सभी 15 वार्डों में जनगणना के लिए तय दल को पालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर ने शुभकामना देते हुए कहा कि भारत सरकार द्वारा प्रारंभ किए गए राष्ट्रीय जनगणना 2026 के केवल प्रशासनिक औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इससे मिलने वाले आंकड़ों से ही देश के समग्र विकास की नींव तय होती है।

तहसीलदार सूरज बंछोर ने बताया कि क्षेत्र में मकान नंबरिंग का काम पूरा कर लिया गया है। प्रगणकों द्वारा डोर टू डोर जाकर मकान दुकान का वेरिफिकेशन किया जा रहा है। इस हेतु 800 से 1000 की आबादी के अनुपात में एक एरिया चिन्हित किया गया है। इसके लिए प्रगणक व पर्यवेक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक एरिया के लिए एक चार्ज अधिकारी भी तैनात किया गया है।

सीएमओ महेन्द्र गुप्ता ने कहा कि आम नागरिक डिजिटल विकल्प का उपयोग कर स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से निर्धारित प्रपत्र में अपनी एवं परिवार की जानकारी स्वयं भर सकते हैं। उपाध्यक्ष देवव्रत साहू ने बताया कि इस बार  जनगणना में मकान मालिकों को 33 सवालों के जवाब देने हैं। जिसमें कच्चा पक्का घर, रेडियो, टीवी, इंटरनेट जैसी सुविधाएं, घर में कितने लोग रहते हैं, कौन-कौन सी गाडिय़ों का उपयोग करते हैं, बिजली-पानी की सुविधा है या नहीं, किचन में खाना किससे बनता है जैसे प्रश्नों के जवाब देने होंगे।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, राजस्व एवं निकाय कर्मी व प्रगणक मौजूद थे।


अन्य पोस्ट