धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 23 अप्रैल। धमतरी कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने तेज गर्मी में कुरुद क्षेत्र के ग्राम दरबा, कोटगांव और भाटागांव का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
दौरे के दौरान कलेक्टर सबसे पहले ग्राम दरबा पहुंचे, जहां उन्होंने गेंदा फूल की खेती का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों से उत्पादन, लागत, विपणन और आय से जुड़े विषयों पर जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को फूलों की खेती को बढ़ावा देने, तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने और बाजार से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने ग्राम कोटगांव में औषधि पादप बोर्ड के माध्यम से विकसित की जा रही औषधीय नर्सरी का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने पौधों के संरक्षण, संवर्धन और उत्पादन की स्थिति की समीक्षा करते हुए नर्सरी के सुव्यवस्थित विकास, गुणवत्ता बनाए रखने और स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोडऩे के निर्देश दिए।
अंतिम चरण में कलेक्टर ने ग्राम भाटागांव में निर्माणाधीन दुग्ध कलेक्शन सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी लेते हुए इसे निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सेंटर शुरू होने से पशुपालकों को दुग्ध विक्रय की सुविधा मिलेगी।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाया जाए और मैदानी स्तर पर सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर कुरुद जनपद सीईओ अमित सेन, आरईएस एसडीओ विनोद देवान सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


