धमतरी

कुरुद विधायक ने सुना पीएम का राष्ट्रीय संबोधन
19-Apr-2026 8:50 PM
कुरुद विधायक ने सुना पीएम का राष्ट्रीय संबोधन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 19 अप्रैल। नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए राष्ट्र के नाम संबोधन को कुरुद विधायक अजय चन्द्राकर ने अपने निवास पर परिवार और साथियों के साथ बैठकर टीवी पर सूना। 29 मिनट का पूरा भाषण सुनने के बाद उन्होंने अपने विचारों के साथ सोशल मीडिया पेज पर फोटो डाली। इसके बाद कईयों ने बेबाक कमेंट कर महिला आरक्षण एवं परिसीमन बिल के घालमेल का अंतर समझाया।

अम्बेडकर जयंती से जुड़े पार्टी द्वारा सौंपे गए दायित्वों का निर्वाहन कर मौली श्री विहार रायपुर लौटने के बाद पूर्व मंत्री अजय चन्द्राकर ने अपने निवास पर शनिवार रात प्रधानमंत्री का संबोधन सूना। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पेज में लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हर शब्द नारी शक्ति के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है, लेकिन यह देखकर अत्यंत पीड़ा होती है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसा ऐतिहासिक कदम विपक्ष की संकीर्ण राजनीति की भेंट चढ़ गया। कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने अपने महिला-विरोधी चरित्र का परिचय देते हुए लोकसभा में इस बिल को पारित होने से रोककर देश की आधी आबादी के अधिकारों के साथ बड़ा अन्याय किया है। कुरुद विधायक ने आगे लिखा है कि जहाँ 2014 से मोदी सरकार महिलाओं के सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है, वहीं कांग्रेस और अन्य दल केवल विकास की राह में अवरोध पैदा कर रहे हैं। देश की माताएं-बहनें विपक्ष की इस मानसिकता को कभी माफ नहीं करेंगी और उनके इस कृत्य का करारा जवाब देंगी। इसके जवाब में लोगों ने अपने कमेंट में बताया कि महिला आरक्षण बील 2023 में सर्व सम्मति से पास हो कानून बन चुका है, इसे फौरन लागू करने की जगह सरकार इसके आड़ में परिसीमन बिल पारित कराने के फिराक में थी। कमेंट करने वालों ने बिना डरे खुलकर भाजपा और केन्द्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए तीखा सवाल उठाया है। इनके सवालों का जवाब कब और किससे मिलेगा यह भी अपने आप में एक प्रश्न है।


अन्य पोस्ट