धमतरी

भाटागांव रोपणी के आम विक्रय से शासन को दोगुना राजस्व
17-Apr-2026 4:59 PM
भाटागांव रोपणी के आम विक्रय से शासन को दोगुना राजस्व

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 17 अप्रैल। शासकीय उद्यान रोपणी भाटागांव में आम फल बहार की बोली में रायपुर, भिलाई, धमतरी, कुरुद सहित संतावन लोगों ने भाग लिया। शासकीय बोली से एक लाख रुपये की अधिकतम बोली के आधार पर इस बार पवन चन्द्राकर का नाम फायनल हुआ है। निर्धारित शर्तें पूरी करने पर 214 पेड़ों पर लगे विभिन्न किस्म के आम विक्रय का अधिकार उन्हें मिल जाएगा।

 गौरतलब है कि कुरुद विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत भाटागांव में स्थित शासकीय उद्यान रोपणी के 214 पेड़ों पर लगे आम फलों के विक्रय हेतु 16 अप्रैल को ओपन आक्शन कराया गया। जिसमें धमतरी के अलावा रायपुर, दुर्ग जिला के 57 लोगों ने टोकन राशि जमा करा बोली में भाग लेने की पात्रता पाई थी। शुरुआत में टाईमिंग को लेकर दो गुटों में विवाद की स्थिति निर्मित हुई, लेकिन उद्यान विभाग की उपसंचालक पूजा कश्यप की मदद से उद्यान विकास अधिकारी कौशल प्रधान ने अपनी सूझबूझ से मामला सुलझा लिया। बोली प्रारंभ होने से पूर्व सरपंच पुष्पलता साहू, जनपद सदस्य हिमांशु साहू का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया। 1 लाख 30 हजार से शुरू हुई बोली में शैलेन्द्र ठाकुर, लेखराज चन्द्राकर, कमलेश रेड्डी, संतोष बैस, संजू चन्द्राकर आदि ने बोली लगाई। अधिकतम 2 लाख 30 हजार 5 सौ रूपये की बोली पर पवन चन्द्राकर का नाम फायनल किया गया।

रायपुर के लवलेश सोनकर 2 लाख 30 हज़ार की बोली लगा दूसरे नंबर पर रहे। आगे की प्रक्रिया पूरी होने तक इन दोनों की जमानत राशि जमा रखी गई है। उद्यान अधिकारी कौशल प्रधान ने बताया कि गत वर्ष इस रोपणी के आम फल को 1 लाख 37 हजार रुपए में बोली फायनल हुई। इस बार शासन को करीब एक लाख रुपये का अधिक राजस्व प्राप्त होगा। उन्होंने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं बोलीदारों का आभार व्यक्त करते हुए सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर नगरी उद्यान विकास अधिकारी चन्द्रप्रकाश साहू, पारसमणी साहू, कौशल पटेल, टीकम कंवर, मनमोहन ध्रुव, गिरवर कंवर आदि उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट